दिल्ली: RBI और फर्जी केस का डर दिखाकर बुजुर्गों से ठगी, समझाने में पुलिस के छूट रहे पसीने
दिल्ली में साइबर ठग बुजुर्गों को नए तरीकों से फंसा रहे हैं, जिससे पुलिस को उन्हें समझाना मुश्किल हो रहा ...और पढ़ें
-1791986512658_m.webp)
बुजुर्गों से ठगी। AI जनरेटेड
HighLights
साइबर ठग बुजुर्गों को फंसाने के लिए नए हथकंडे अपना रहे हैं।
बुजुर्ग पीड़ित अक्सर पुलिस की चेतावनियों को भी अनसुना कर देते हैं।
निवेश, डिजिटल अरेस्ट, आरबीआई नाम पर ठगी के मामले सामने आए।
मुकेश ठाकुर, पश्चिमी दिल्ली। साइबर ठग लोगों को जाल में फंसाने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। अब पुलिस के सामने ठगों को पकड़ने के साथ ही पीड़ितों को ठगी का अहसास कराना भी चुनौती बन गया है। खासकर बुजुर्ग ठगों के झांसे में इस कदर आ जाते हैं कि साइबर थाना पुलिस की चेतावनी को भी अनसुना कर देते हैं।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, साइबर ठग बुजुर्गों का इस तरह ब्रेनवाश करते हैं कि वे पुलिस की बातों पर भी विश्वास नहीं करते। करीब दो माह पहले तमिलनाडु साइबर पुलिस ने एक गिरोह की जांच के दौरान शाहदरा के एक बैंक खाते का पता लगाया।
दिल्ली पुलिस की जांच में द्वारका निवासी 70 वर्षीय सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर का नाम सामने आया। पुलिस ने उनसे संपर्क कर ठगी की आशंका जताई और निवेश की रकम निकालने को कहा। इस पर बुजुर्ग ने बताया कि उन्होंने अमेरिकी शेयर बाजार में निवेश किया है। बाजार में गिरावट का हवाला देकर उन्होंने रकम निकालने से व शिकायते करने से भी इन्कार कर दिया।
गिरफ्तारी का डर दिखाकर किया डिजिटल अरेस्ट
दूसरे मामले में एक बैंक ने सूचना दी कि एक महिला लगातार दो दिन से रोजाना पांच से छह लाख रुपये अलग-अलग खातों में जमा कर रही हैं। पुलिस पहुंची तो उन्होंने बात करने से इन्कार कर दिया। उनका कहना था कि वह आयकर विभाग के खाते में रुपये जमा कर रही हैं और उन्हें किसी से बात नहीं करने की हिदायत दी गई है।
वहीं, जांच में पता चला कि ठगों ने संपत्ति जब्त करने और गिरफ्तारी का डर दिखाकर उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर रखा था। बेटे को भी गिरफ्तार कराने की धमकी दी गई थी। काफी समझाने और बेंगलुरु से बेटे को बुलाने के बाद महिला शिकायत देने को तैयार हुईं।
1 करोड़ की ठगी की कोशिश
तीसरे मामले में बैंक ने पुलिस को बताया कि एक बुजुर्ग महिला ने करीब एक करोड़ रुपये का चेक दूसरे खाते में जमा करने के लिए दिया है। महिला अकेली रहती हैं और उनकी दोनों बेटियां विदेश में हैं। कुछ माह पहले जमीन बेचने से मिली रकम उनके खाते में आई थी। महिला के बात करने से इनकार करने पर पुलिस ने उनकी बेटी से संपर्क किया।
इसके बाद उन्होंने साइबर थाने में शिकायत की, जिससे उनके एक करोड़ रुपये बच गए। बाद में पता चला कि ठगों ने आरबीआइ के नाम पर काल कर खाते में नशा तस्करी से जुड़ी रकम होने का दावा किया था।
जांच के नाम पर पूरी रकम आरबीआई के खाते में जमा करने को कहा गया। ठगों ने 48 घंटे में जांच पूरी होने पर ब्याज सहित रकम लौटाने का भरोसा दिया और ऐसा नहीं करने पर खाते की रकम जब्त करने की धमकी दी थी।
