पंडरा से चल रहा था साइबर ठगी का नेटवर्क: रांची पुलिस ने 11 को हिरासत में लिया, ₹8 लाख कैश और 50 मोबाइल जब्त
रांची पुलिस ने पंडरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 11 संदिग्धों को ...और पढ़ें

रांची पुलिस ने 11 को हिरासत में लिया (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में साइबर अपराधियों के खिलाफ रांची पुलिस ने मंगलवार को पंडरा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान 11 संदिग्ध साइबर ठगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मौके से करीब 50 मोबाइल फोन और आठ लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।
इसके अलावा डेबिट कार्ड और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं। देर रात तक छापेमारी जारी थी। जब्त सामान की सटीक संख्या और बरामदगी से जुड़ी विस्तृत जानकारी पुलिस की ओर से बाद में साझा किए जाने की बात कही गई है।
लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी
पुलिस को पिछले कई दिनों से पंडरा थाना क्षेत्र के कुछ इलाकों में साइबर ठगी किए जाने की सूचना मिल रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गिरोह के सदस्य एटीएम में लोगों के कार्ड बदलकर रुपये निकालने और लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों को ठगने में शामिल होने के संदेह में हैं। पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि कुछ लोग किराये का मकान लेकर वहां से ठगी का नेटवर्क चला रहे हैं।
इन्हीं सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, सिम कार्ड और डेबिट कार्ड मिलने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस इन उपकरणों और दस्तावेजों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि इनका इस्तेमाल किन लोगों से संपर्क करने और ठगी की रकम के लेनदेन में किया जाता था छापेमारी में हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह के तार दूसरे इलाकों से जुड़े हैं या नहीं। जब्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और डेबिट कार्ड की जांच से संभावित पीड़ितों, बैंक खातों और ठगी के तरीकों की जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस की ओर से फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी होने की जानकारी दी गई है। हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका और ठगी की कुल रकम जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- झारखंड से माओवाद का समापन, वापस हो जाएंगी सीआरपीएफ की नौ बटालियनें; अभी राज्य में 81 कंपनियां
