विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जब अपराध के संकेत थे तो NCR क्यों?' दिल्ली पुलिस पर भड़की अदालत, 24 घंटे में FIR का आदेश

By Sanjay KumarEdited By: Pooja Tripathi
Published: Sat, 28 Nov 2026 12:14 PM (GMT+05:30)

रोहिणी कोर्ट ने भलस्वा डेयरी थाना पुलिस को एक महिला की शिकायत पर 24 घंटे के भीतर FIR दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत ने पुलिस पर सवाल उठाया कि जब शिकायत में संज्ञेय अपराध के संकेत थे, तो केवल एनसीआर क्यों दर्ज की गई।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. रोहिणी कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को FIR का आदेश दिया।

  2. महिला की शिकायत पर 24 घंटे में FIR दर्ज होगी।

  3. पुलिस ने पहले गैर-संज्ञेय अपराध मानकर NCR दर्ज की थी।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर सुनवाई करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी-वन) उत्तर जिला रोहिणी कोर्ट के न्यायाधीश ऋषभ कपूर ने पुलिस को 24 घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।

सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि शिकायत के तथ्यों से प्रथम दृष्टया बीएनएस की धारा 79 के तहत अपराध बनता दिखाई देता है। सवाल उठाया कि जब शिकायत में इस अपराध के संकेत मौजूद थे, तो जांच अधिकारी ने किन तथ्यों के आधार पर केवल गैर-संज्ञेय अपराध मानकर एनसीआर दर्ज की।

अदालत ने प्रथम दृष्टया माना है कि शिकायत में महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और अभद्र टिप्पणी करने से जुड़ा अपराध बनता है। कोर्ट ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79 के तहत भी मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है।

31 अगस्त को दी थी शिकायत

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता शोभा देवी ने 31 अगस्त 2026 को भलस्वा डेयरी थाने के एसएचओ को शिकायत दी थी। पुलिस की ओर से जांच के बाद 24 नवंबर को शिकायत दर्ज की गई थी। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में बीएनएस की धारा 115(2) और 351(2) के तहत गैर-संज्ञेय अपराध पाए गए थे।

इस पर महिला शिकायतकर्ता ने कोर्ट की शरण ली। महिला की ओर से अदालत में पेश अधिवक्ता सत्यम सिसोधिया ने अदालत में दलील दी कि शिकायत में आरोपित पर महिला से छेड़छाड़ करने और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के स्पष्ट आरोप हैं।

अगली सुनवाई में पेश करनी होगी जांच की अनुपालन रिपोर्ट

ऐसे में मामला संज्ञेय अपराध का बनता है और एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। इस पर अदालत ने भलस्वा डेयरी थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि आदेश प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर बीएनएस की धारा 79 सहित अन्य उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाए।

साथ ही अगली सुनवाई पर एफआईआर दर्ज करने और जांच की स्थिति से संबंधित अनुपालन रिपोर्ट पेश करने को कहा है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 11 फरवरी 2027 की तारीख तय की है।

यह भी पढ़ें- देह व्यापार का भंडाफोड़, स्पा सेंटरों पर छापा पड़ते ही मची भगदड़; दिल्ली पुलिस ने 29 महिलाएं और 15 युवक पकड़े

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।