देह व्यापार का भंडाफोड़, स्पा सेंटरों पर छापा पड़ते ही मची भगदड़; दिल्ली पुलिस ने 29 महिलाएं और 15 युवक पकड़े
दिल्ली पुलिस ने नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग में चार स्पा सेंटरों पर छापा मारकर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में 29 महिलाओं को पाबंद किया गया और 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें स्पा संचालक और ग्राहक शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस ने स्पा सेंटरों से महिलाओं और 15 लोगों को पकड़ा। फाइल फोटो - सोशल मीडिया
HighLights
दिल्ली पुलिस ने चार स्पा सेंटरों पर की छापेमारी।
देह व्यापार के आरोप में 29 महिलाओं को पाबंद किया गया।
स्पा संचालक, मैनेजर और ग्राहक समेत 15 लोग पकड़े गए।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में मध्य जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग के चार स्पा सेंटरों पर छापामारी कर 29 महिलाओं को पाबंद किया। कार्रवाई के दौरान स्पा संचालकों, मैनेजरों, कर्मचारियों और ग्राहकों समेत 15 लोगों को पकड़ा गया है।
वहीं, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने पर पटेल नगर में दो अन्य मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर को सूचना मिली कि कुछ स्पा सेंटरों में देह व्यापार हो रहा है।
पुष्टि होने के बाद छापामारी
पुलिस ने पहले नकली ग्राहक बनाकर कर्मियों को स्पा सेंटरों में भेजा। वहां अतिरिक्त सेवाओं के नाम पर पैसे मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद छापामारी की गई।
नबी करीम थाना क्षेत्र के राम नगर स्थित ए-वन स्पा एंड सैलून से छह महिलाओं को पाबंद किया गया। यहां से स्पा मालिक व सह-मालिक समेत आठ को पकड़ा गया।
पहाड़गंज के मेन बाजार स्थित आर्गेनिक स्पा से तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया। यहां मैनेजर को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया के तहत पाबंद किया गया।
वहीं, करोल बाग के डब्ल्यूईए इलाके में मौर्य स्पा से 10 और टैंक रोड स्थित हेरिटेज स्पा से 10 महिलाओं को पाबंद किया गया। यहां से मैनेजर, रिसेप्शनिस्ट व ग्राहकों को पकड़ा।