विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में जल्द बनेंगे 500 नए पुलिस बूथ, बेहतरीन काम के लिए 72 पुलिस अफसर और जवान हुए सम्मानित

Published: Thu, 05 Nov 2026 07:24 PM (IST)

मध्य जिला पुलिस ने गांधी स्मृति में 'संपर्क सभा' आयोजित की, जहाँ पुलिसकर्मियों ने अपनी समस्याएँ रखीं और 72 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

विशेष आयुक्त कानून व्यवस्था देवेश चंद्र श्रीवास्तव। सौजन्य:दिल्ली पुलिस

विशेष आयुक्त कानून व्यवस्था देवेश चंद्र श्रीवास्तव। सौजन्य:दिल्ली पुलिस

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पुलिसकर्मियों को अपनी सेवा संबंधी समस्याएं व शिकायतें वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखने, उनके कल्याण व कार्य परिस्थितियों पर चर्चा करने के लिए बृहस्पतिवार को मध्य जिला पुलिस द्वारा राजघाट स्थित गांधी स्मृति के सत्याग्रह मंडप में ‘संपर्क सभा’ का आयोजन किया गया।

इसके जरिये पुलिसकर्मियों को एक मंच प्रदान किया गया, जहां पुलिसकर्मियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान 45 दिनों के अंदर आठ प्रमुख मामलों में उत्कृष्ट व अनुकरणीय जांच के लिए 72 पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के बाद जवानों के बीच भाईचारे और एकजुटता को बढ़ावा देने के लिए ‘बड़ा खाना’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 329 पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।

72 पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विशेष आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने हाल के दिनों में कानून-व्यवस्था की बड़ी चुनौतियों और नियमित ड्यूटी को एक साथ संभालने के लिए मध्य जिला पुलिस की सराहना की।

उन्होंने कहा कि किसी बड़े मौके पर सुरक्षा बल (सीएपीएफ) मुख्य रूप से बाहरी खतरों से निपटते हैं, लेकिन पुलिस के पास नागरिकों की शिकायतों को सुलझाने और शांति बनाए रखने की अतिरिक्त जिम्मेदारी होती है।

इसलिए हर शिकायत को बेहद संवेदनशीलता, ईमानदारी और पेशेवर तरीके से हल किया जाना चाहिए।

500 नए पुलिस बूथ स्थापित करने की योजना

उन्होंने आधिकारिक प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली के इस्तेमाल पर जोर दिया। इसके अलावा, पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए संवेदनशील इलाकों में बॉडी-वॉर्न कैमरे और थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के सही उपयोग की सलाह दी।

जनता के साथ संवाद और पुलिस की पहुंच को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने पूरी दिल्ली में 500 नए पुलिस बूथ स्थापित करने की प्रस्तावित योजना की भी जानकारी दी।

घरेलू जिम्मेदारियों के साथ-साथ नई दिल्ली और मध्य जिले की कठिन कानून-व्यवस्था की स्थितियों में महिला पुलिसकर्मियों के समर्पण की उन्होंने विशेष सराहना की।

थानों में मिलेंगी जरूरी सुविधाएं

पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए निर्देश दिया कि हर थाने में वाटर कूलर, टेलीविजन, माइक्रोवेव ओवन जैसी जरूरी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी।

संपर्क सभा में पुलिसकर्मियों ने अपनी सेवा व प्रशासनिक समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। जिन मामलों का तुरंत समाधान संभव था, उन्हें मौके पर ही हल किया गया, बाकी मामलों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

इसके अलावा, पिछली संपर्क सभा में उठाए गए मुद्दों की प्रगति की समीक्षा एडिशनल डीसीपी द्वारा की गई।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (मध्य रेंज) मधुर वर्मा ने जवानों से कहा कि ड्यूटी के दौरान अनुशासन, विनम्रता और वर्दी की गरिमा को बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है, जिसे किसी को भूलना नहीं चाहिए। इस अवसर पर डीसीपी रोहित राजबीर सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में 5 लाख परिवारों को मिलेगा पक्का मकान, नई पुनर्वास नीति लागू; जानें किसे मिलेगा लाभ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।