जनसुनवाई में सुलझा दो बहनों का पारिवारिक विवाद, पुलिस ने 15 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल भी लौटाए
दिल्ली के प्रेम नगर थाने में जनसुनवाई के दौरान एसीपी भास्कर शर्मा ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इसमें दो बहनों के बीच जेवर विवाद सुलझाया गया और 15 खोए हुए मोबाइल फोन भी लौटाए गए।
-1795282341023_m.webp)
दिल्ली पुलिस ने जनसुनवाई में दो बहनों के जेवर विवाद का कराया समाधान। फोटो-जागरण
HighLights
एसीपी भास्कर शर्मा ने जनसुनवाई में सुनीं शिकायतें।
दो बहनों के बीच जेवर विवाद का पुलिस ने किया समाधान।
जनसुनवाई में 15 खोए हुए मोबाइल फोन लौटाए गए।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। थाना प्रेम नगर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एसीपी अमन विहार भास्कर शर्मा ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान दो बहनों के बीच जेवर को लेकर चल रहा विवाद भी सामने आया, जिसे पुलिस ने जांच के बाद सुलझा दिया। साथ ही जनसुनवाई में 15 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन भी लौटाए गए।
क्या है बहनों की शिकायत?
शिकायतकर्ता रीना ने बताया कि उसकी बहन सीमा ने उसके जेवर ले लिए हैं और वापस नहीं कर रही है। मामले की जांच की जिम्मेदारी हेड कांस्टेबल सुभाष को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि रीना का पति संजीत जेवर लेकर महाराष्ट्र चला गया है।
इस पर जांच अधिकारी ने संजीत से फोन पर संपर्क किया तो संजीत ने जेवर वापस देने की बात कही। आगे की जांच में पता चला कि सीमा ने रीना के जेवर पहले ही संजीत को लौटा दिए थे।
रीना और उसके पति के बीच अनबन होने के कारण संजीत जेवर लेकर महाराष्ट्र चला गया था। इस तरह पुलिस ने मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर विवाद का समाधान कराया।
15 लोगों के मोबाइल लौटाए गए
वहीं, जनसुनवाई में 15 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन भी लौटाए गए। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। लोगों ने दिल्ली पुलिस की इस पहल की सराहना की।
जनसुनवाई के दौरान एसीपी ने अन्य लोगों की शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने थाना प्रभारी विक्रम सिंह को शिकायतों पर उचित कार्रवाई कर समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छुट्टी के दिन उमड़ा जनसैलाब, अंतिम शनिवार को पहुंचे 90 हजार से ज्यादा लोग