विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वकीलों के खिलाफ फूटा जवानों का गुस्सा, दिल्ली पुलिस मुख्यालय में घुसे; ACP मनस्वी के ट्रांसफर से बढ़ा विवाद

Published: Mon, 02 Nov 2026 11:54 AM (IST)Updated: Mon, 02 Nov 2026 12:06 PM (IST)

दिल्ली में पुलिस और वकीलों के बीच विवाद गहरा गया है, जिसके चलते दिल्ली पुलिसकर्मी वकीलों के खिलाफ प्रदर्शन कर ...और पढ़ें

सड़कों पर उतरे दिल्ली पुलिस के जवान। जागरण

सड़कों पर उतरे दिल्ली पुलिस के जवान। जागरण

HighLights

  1. दिल्ली पुलिसकर्मी वकीलों के खिलाफ मुख्यालय पर कर रहे प्रदर्शन।

  2. शाहदरा थाने में पुलिस-वकील विवाद सड़क पर पहुंचा।

  3. एसीपी मनस्वी वशिष्ठ के ट्रांसफर के बाद बढ़ा तनाव।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली पुलिस के जवान आज सोमवार सुबह से ही वकीलों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, एसीपी मनस्वी वशिष्ठ के साथ सड़कों पर उतरे जवानों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी दिल्ली पुलिस मुख्यालय में घुस गए। 

बताया जा रहा कि सभी थानों से पुलिसकर्मी ड्यूटी छोड़कर प्रदर्शन में शामिल होने पहुंच रहे हैं। दिल्ली पुलिस मुख्यालय में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी इकट्ठा हो गए हैं और विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं। इस दौरान दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी बेबस नजर आ रहे हैं।

सड़क पर पहुंचा गुस्सा

पूर्वी दिल्ली के शाहदरा थाने में पुलिस व कड़कड़डूमा कोर्ट के वकीलों के बीच हुआ विवाद सड़क पर पहुंच गया है। दिल्ली में यह दूसरी बार है, जब दिल्ली पुलिस के जवान सड़क पर उतरकर वकीलों के खिलाफ पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस प्रदर्शन में शाहदरा, उत्तर पूर्वी, पूर्वी समेत दिल्लीभर के पुलिसकर्मी शामिल हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व गांधी नगर के एसीपी रहे मनस्वी वशिष्ठ कर रहे हैं। वकीलों से विवाद के बाद एसीपी का ट्रांसफर कर दिया गया था।

26 अक्टूबर को एसीपी मनस्वी वशिष्ठ की शिकायत पर शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास, सदस्य विशाल शर्मा, विवेक पांडेय समेत अन्य के खिलाफ सरकारी कर्मचारी को धमकी देने, अभद्रता करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी।

27 अक्टूबर को वकीलों ने पुलिस के खिलाफ काम बंद हड़ताल की थी। आरोप है कि दो दिन चली हड़ताल के बाद दबाव में पुलिस ने एसीपी मनस्वी व थानाध्यक्ष का ट्रांसफर कर दिया था।

पुलिसकर्मियों का कहना है कोर्ट में वकील, दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। कई बार मारपीट भी हुई है। वकीलों पर कार्रवाई की बजाय पुलिसकर्मियों पर ही कार्रवाई हो जाती है।

एसीपी ने लगाया था अभद्रता का आरोप

शाहदरा थाने को दी गई शिकायत में एसीपी ने बताया था कि 24 अक्टूबर को शाहदरा थाने के हेड कॉन्स्टेबल अमित मलिक एक मामले में कड़कड़डूमा कोर्ट गए थे। वहां कुछ वकीलों ने उन्हें घेरकर 23 अक्टूबर को थाने में दर्ज एक मामले को लेकर बहस की।

इसके बाद कुछ समय बीतने पर शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास 10 से 15 वकीलों के साथ थाने पहुंचे। आरोप है कि थानाध्यक्ष के कमरे में जाकर वकीलों ने थानाध्यक्ष अरुण कुमार का हाथ खींचने की कोशिश की और अभद्रता की। कोर्ट आने पर पिटाई करने की धमकी भी दी और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का प्रयास किया।

फुटेज सोशल मीडिया पर हो रही वायरल

23 व 24 अक्टूबर को शाहदरा थाने में पुलिस व वकीलों के बीच जो कुछ हुआ उसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वकील व पुलिस फुटेज के जरिए अपने साथ हुई बदसलूकी के दावे पेश कर रही है।

पार्किंग विवाद में वकील पर हमले से शुरू हुआ विवाद

नरवीर डबास के अनुसार, 23 अक्टूबर को वकील ललित बंसल शाहदरा की मार्केट गए थे, जहां पार्किंग विवाद में दो लोगों ने उन पर हमला कर उनका सिर फोड़ दिया था। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज कर आरोपियों को पकड़ा था।

सचिव का आरोप है कि बाद में दोनों आरोपियों को मोटी रकम लेकर छोड़ दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 24 अक्टूबर को थाने पहुंचे वकीलों को एसीपी ने पिस्टल दिखाकर डराया और गालीगलौज की। एसीपी ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया था।

यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस में 'बगावत', मुख्यालय में पहली बार गूंजे विरोध के नारे; महिला कर्मियों के आगे आला अधिकारी बेबस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।