'दिल्ली में फिर माहौल बिगाड़ने की कोशिश', पुलिस ने X को भेजा नोटिस; 11 हैंडल्स पर एक्शन का निर्देश
दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शनों से संबंधित भ्रामक पोस्ट हटाने के लिए एक्स कॉर्प को नोटिस भेजा है। पुलिस का ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने एक्स को भेजा नोटिस। फोटो: आर्काइव
HighLights
दिल्ली पुलिस ने एक्स कॉर्प को भ्रामक पोस्ट हटाने का नोटिस भेजा
विरोध प्रदर्शनों से जुड़े अधूरे वीडियो से माहौल बिगाड़ने का आरोप
पुलिस ने 11 एक्स हैंडल पर कार्रवाई की मांग की है
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। एसआईआर के विरोध में नई दिल्ली जिले में पिछले कई दिनों से विभिन्न राजनीतिक पार्टियों व अन्य संगठनों द्वारा प्रदर्शन करने की आड़ में दिल्ली की कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि बीते जुलाई की तरह फिर से लोग नई दिल्ली जैसे संवेदनशील इलाके में अशांति फैलाने में जुट गए हैं। इसके लिए फिर से इंटरनेट मीडिया का सहारा लिया जा रहा है।
भ्रामक पोस्ट पर पुलिस ने कसा शिकंजा
हालांकि इनके मंसूबे को ध्वस्त करने के लिए दिल्ली पुलिस पूरी तरह से तैयार है। पिछले कुछ दिनों से नई दिल्ली जिले में चल रहे प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई से जुड़े वीडियो और फोटो को भ्रामक तरीके से मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है।
पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) यूनिट ने एक्स कार्प को नोटिस भेजकर 11 एक्स हैंडल पर मौजूद भ्रामक पोस्ट हटाने या उनकी एक्सेस बंद करने को कहा है। इसके लिए एक्स को एक दिन का समय दिया गया है।
प्रदर्शन की आड़ में नियमों की अनदेखी
पुलिस अधिकारी का कहना है कि नई दिल्ली जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। प्रदर्शन की आड़ में प्रदर्शनकारी, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की कर रहे हैं, बैरिकेड हटाने की कोशिश कर रहे हैं और धारा 163 लागू होने के बावजूद प्रतिबंधित जगहों की तरफ जाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे मजबूरन पुलिस को प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना पड़ रहा है।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे वीडियो में पुलिस की कार्रवाई को तो दिखाया जा रहा है लेकिन उससे पहले प्रदर्शनकारियों द्वारा किए जा रहे विरोध, बाधा और निर्देशों की अवहेलना को नहीं दिखाया जा रहा है।
इससे पुलिस कार्रवाई की एकतरफा तस्वीर सामने आ रही है। पुलिस ने आशंका जताई है कि इस तरह के अधूरे और भ्रामक वीडियो से लोगों में गलत धारणा बन सकती है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।
11 एक्स हैंडल की पोस्ट पर नोटिस
एक्स को दिए नोटिस में कहा गया है कि भ्रामक पोस्ट को लगातार रीपोस्ट और शेयर किए जाने से अफवाह फैलने, तनाव बढ़ने और दोबारा टकराव की स्थिति पैदा होने का खतरा है।
पुलिस ने कुछ महिला सिपाहियों की फोटो को भी आपत्तिजनक तरीके से पोस्ट किए जाने का उल्लेख किया है। आईएफएसओ ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 79(3)(बी) और सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 के तहत एक्स को संबंधित सामग्री हटाने या उसकी पहुंच बंद करने का निर्देश दिया है।
पुलिस ने एक्स से संबंधित पोस्ट का डाटा, लॉग और सब्सक्राइबर की जानकारी सुरक्षित रखने को भी कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर इन्हें जांच में साक्ष्य के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके।
नोटिस में जेम्स ऑफ पॉलिटिक्स, द कलचक्र, आफताब रिपोर्ट्स, रितिका चंदोला, मंदीप पुनिया समेत 11 एक्स हैंडल के पोस्ट का उल्लेख किया गया है।
यह भी पढ़ें- CJP को नई दिल्ली में कहीं भी प्रोटेस्ट की अनुमति नहीं देगी पुलिस, 1,000 से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक
