विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फायदों के बावजूद क्यों अटका दिल्ली पुलिस का बड़ा रिफॉर्म? सतीश गोलछा के जाने के बाद ठप पड़ा मामला

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:53 AM (IST)

दिल्ली पुलिस में जांच और कानून-व्यवस्था की टीमों को अलग करने की कवायद पूर्व पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा के हटने के बाद फिर ठंडे बस्ते में चली गई है।

दिल्ली पुलिस। AI जनरेटेड

दिल्ली पुलिस। AI जनरेटेड

HighLights

  1. पूर्व आयुक्त गोलछा के हटने से जांच-कानून व्यवस्था अलगाव रुका।

  2. पुलिसकर्मियों की कमी और प्रदर्शनों से योजना लागू करना मुश्किल।

  3. अलगाव से जांच गुणवत्ता, कानून व्यवस्था नियंत्रण में सुधार होगा।

राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली। मुंबई पुलिस की तर्ज पर दिल्ली पुलिस में भी जांच और कानून-व्यवस्था की टीमों को अलग-अलग करने की कवायद पूर्व पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा के हटते ही फिर ठंडे बस्ते में चला गया।

बताया गया कि कम समय में दिल्ली पुलिस में कई बेहतर बदलाव लाने वाले गोलछा ने इस विषय पर भी 10 जुलाई को पुलिस मुख्यालय में सभी आला अधिकारियों के साथ बैठक की की थी और उन्हें इस बदलाव के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए थे, लेकिन एक सप्ताह बाद ही उनकाे आयुक्त पद से हटा देने पर यह मामला ठप पड़ गया है।

इस तरह की व्यवस्था अब तक केवल मुंबई पुलिस में है। दिल्ली में भी पिछले एक दशक में इस तरह की व्यवस्था बनाने के लिए दो से तीन बार प्रयास किए गए। कुछ जिलों के कुछ थानों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर जांच और कानून व्यवस्था को अलग-अलग भी किया गया।

हर हाल में लागू करना था नियम

कई महीनों तक यह सिलसिला चला भी, लेकिन पुलिसकर्मियों की भारी कमी और आए दिन दिल्ली में अचानक धरना प्रदर्शन होने से यह व्यवस्था लागू कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है। गोलछा ने बेहतर पुलिसिंग के लिए इस नियम को हर हाल में लागू करने का मन बना लिया था।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर जिले में एक-एक महिला थाना खोलने, साइबर अपराधियों के शिकार पीड़ितों की शिकायत पर तुरंत एफआइआर दर्ज करने, मकोका सेल बनाने, आपरेशन साय हाक शुरू करने जैसे निर्णय गोलछा द्वारा लिया गया बेहतर कदम माना जा रहा है।

दिल्ली पुलिस में हमेशा से पुलिस बल की भारी कमी रही है। इस नई व्यवस्था को सफलतापूर्वक लागू करना तभी संभव हो पाएगा जब थानों में पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाकर कम से कम दोगुनी की जाए अन्यथा, दोनों टीमों को अलग करने में व्यावहारिक परेशानियां आ सकती हैं।

अलग करने पर ये होंगे फायदे

  • जांच की गुणवत्ता में सुधार: जांच टीम का पूरा ध्यान सिर्फ साक्ष्य जुटाने, फोरेंसिक एनालिसिस और कानूनी बारीकियों पर होगा, जिससे केस डायरी मजबूत बन सकेगी। वैज्ञानिक और सटीक जांच के कारण अदालतों में अपराधियों को सजा मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी।
  • कानून व्यवस्था पर बेहतर नियंत्रण: कानून व्यवस्था की टीम वीआइपी मूवमेंट, रैलियों, त्योहारों और अचानक भड़कने वाले दंगों या विरोध-प्रदर्शनों से निपटने के लिए हर समय मुस्तैद रहेगी। इस विंग का पूरा ध्यान गश्त और पिकेटिंग के जरिए अपराध को रोकने पर होगा
  • कार्यभार में कमी और समय की बचत: जांच अधिकारी को केस की जांच के बीच में ही अचानक कानून व्यवस्था की ड्यूटी के लिए जाना पड़ता है। अलग होने से जांच में बेवजह की देरी नहीं होगी। पुलिसकर्मियों पर एक साथ दो विपरीत तरह की जिम्मेदारियों का बोझ कम होगा, जिससे उनकी कार्यक्षमता बढोगी
  • आम जनता को राहत और पारदर्शिता: पीड़ितों को थाने के चक्कर नहीं काटने पड़ंगे, उन्हें पता होगा कि उनके जांच अधिकारी थाने में ही मिलेंगे। जांच टीम पर केस सुलझाने का समयबद्ध दबाव होता है, जिससे वे प्रताड़ना के बजाय वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल करती हैं।
  • न्यायिक प्रक्रिया में तेजी: जांच विंग बिना किसी वीआइपी ड्यूटी के व्यवधान के कानून द्वारा तय समय-सीमा के भीतर अदालत में चार्जशीट दाखिल कर पाएगी। गवाहों को समय पर कोर्ट में पेश करने और सम्मन तामील कराना आसान हो जाएगा, जिससे अदालती मामलों की पेंडेंसी कम होगी

यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस के घायल जवानों को राहत, 250 से अधिक कर्मियों को मिलेंगे 15 से 25 हजार रुपये

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।