बॉलीवुड अभिनेता और दिल्ली के व्यापारी पर हमले की साजिश नाकाम, गैंगस्टर अनिल पंडित के दो शूटर गिरफ्तार
स्पेशल सेल ने कुख्यात गैंगस्टर अनिल पंडित के दो शूटरों को दिल्ली और मुंबई से गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में दाे शूटर। फोटो: दिल्ली पुलिस
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्पेशल सेल ने विदेश में छिपे कुख्यात गैंगस्टर अनिल पंडित के दो शूटरों को गिरफ्तार किया है।
दोनों की गिरफ्तारी से पुलिस ने दिल्ली के एक व्यापारी से रंगदारी वसूलने के लिए उनके घर पर फायरिंग और मुंबई में एक बॉलीवुड अभिनेता पर हमले की साजिशों को नाकाम कर दिया है। इनमें एक को दिल्ली और दूसरे को मुंबई से गिरफ्तार किया गया।
व्यापारी के घर फायरिंग की थी साजिश
डीसीपी नारा चैतन्य के मुताबिक स्पेशल सेल की टीम ने पहले सिंडिकेट के मुख्य गुर्गे विकास ठाकुर उर्फ विक्की को दिल्ली से गिरफ्तार किया। वह विदेश में बैठे गैंगस्टर के इशारे पर दिल्ली के एक व्यापारी को निशाना बनाने के इरादे से आया था।
विकास से पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने उसके साथी दीप उर्फ दीपक सिंह को मुंबई से दबोच लिया गया। दीपक, अमृतसर में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर 'मैड संधू' की हत्या के मामले में वांछित था और मुंबई में छिपकर एक बॉलीवुड अभिनेता पर फायरिंग करने की फिराक में था।
इस संबंध में स्पेशल सेल में तीन नवंबर को आर्म्स एक्ट की धारा में एफआईआर दर्ज की गई थी। विकास ठाकुर, न्यू गांधी नगर, जालंधर व दीप उर्फ दीपक सिंह, तरनतारन, पंजाब का रहने वाला है।
अलग-अलग गिरोहों के लिए करने लगा था काम
विकास ठाकुर बुरी संगत में पड़कर सट्टेबाजी करने लगा था। 2019 में नाबालिग रहते हुए झपटमारी की वारदात कर अपराध की दुनिया में कूद पड़ा था। 2023 में विकास ने कुख्यात अनमोल बिश्नोई को अवैध हथियार सप्लाई करना शुरू किया।
बिश्नोई की गिरफ्तारी के बाद वह अनिल पंडित और रणदीप मलिक के लिए काम करने लगा। वह गिरोह में नए लड़कों की भर्ती, हथियार सप्लाई और रंगदारी के लिए टारगेट की रेकी करता था।
बाद में वह किसी एक गिरोह से बंधे रहने के बजाय पैसों के लिए अलग-अलग गिरोहों के लिए काम करने लगा। हाल ही में वह विदेश में बैठे एक भगोड़े गैंगस्टर के संपर्क में आया।
गैंगस्टर ने पहले उसे मुंबई में एक अभिनेता पर फायरिंग करने का काम सौंपा था। इसी दौरान अमृतसर हत्याकांड के बाद दीपक भी मुंबई में छिपा था। विकास ने ही दीपक को अनिल पंडित से मिलवाया।
इसके बाद गैंगस्टर ने दीपक को मुंबई में ही रुककर अभिनेता पर हमले की तैयारी करने को कहा, जबकि विकास को दिल्ली के एक व्यापारी पर फायरिंग करने भेजा गया।
दीपक को भी बाद में दिल्ली आकर विकास का साथ देना था, लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले ही स्पेशल सेल ने दोनों को दबोच लिया।
मैड संधू हत्याकांड में भी था वांछित
दीपक सिंह पहले कमर्शियल ट्रक पर हेल्पर और ड्राइवर का काम करता था। जल्द पैसा कमाने के लालच और बुरी संगत के कारण वह एक स्थानीय बदमाश के जरिए अनिल पंडित के संपर्क में आ गया।
3 अक्टूबर को अनिल पंडित के निर्देश पर दीपक ने अपने साथी पलविंदर उर्फ काका के साथ मिलकर अमृतसर में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इस मामले में पंजाब पुलिस ने पलविंदर को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दीपक फरार होकर मुंबई में छिपा था।
मुंबई में फरारी के दौरान अनिल पंडित ने दीपक को निर्देश दिया कि वह 1984 में दिए गए सिख विरोधी बयानों का बदला लेने के लिए उस बॉलीवुड अभिनेता के घर पर फायरिंग को अंजाम दे।
यह भी पढ़ें- 'इंटरनेट के भेड़िये झुंड में कर रहे शिकार', साइबर ठगी पर दिल्ली HC की बड़ी टिप्पणी; अग्रिम जमानत से इनकार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।