विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लूटपाट और धोखाधड़ी करने वाले ईरानी गैंग पर शिकंजा, सरगना समेत 3 आरोपियों पर मकोका; चार्जशीट दाखिल

Published: Sun, 01 Nov 2026 06:26 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने संगठित ईरानी गैंग के खिलाफ मकोका के तहत राउज एवेन्यू कोर्ट में मुख्य आरोपपत्र दाखिल किया है। ...और पढ़ें

ईरानी गैंग के खिलाफ चार्जशीट दाखिल। फोटो: आर्काइव

ईरानी गैंग के खिलाफ चार्जशीट दाखिल। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. ईरानी गैंग के खिलाफ मकोका में आरोपपत्र दाखिल।

  2. 18.84 लाख रुपये की लूट से जुड़ा मामला।

  3. बैंक खातों, संपत्तियों से अपराध की कमाई का खुलासा।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। लूटपाट, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल ईरानी गैंग के खिलाफ मध्य जिला पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत राउज एवेन्यू कोर्ट में मुख्य आरोपपत्र दाखिल किया है।

गैंग के सरगना नासिर हाफिज खान उर्फ ईरानी उर्फ समीर अली समेत तीन आरोपितों के खिलाफ मकोका की धारा 3 और 4 के तहत आरोपपत्र दाखिल किया गया है। तीनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

मध्य जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामला डीबीजी रोड थाने में दर्ज करीब 18.84 लाख रुपये की लूट से जुड़ा है। इस संबंध में बीते वर्ष 23 अक्टूबर को एफआई दर्ज की गई थी।

जांच में नासिर हाफिज खान के नेतृत्व में अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय संगठित गिरोह का पता चला। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी से मकोका के तहत कार्रवाई की मंजूरी लेकर 12 जून को एफआइआर दर्ज की गई।

तीन आरोपित गिरफ्तार

पुलिस ने नासिर हाफिज खान को एक जुलाई, अली चुन्ना उर्फ राजा को 10 अगस्त और अकबर अली उर्फ कबीर को 22 अगस्त को गिरफ्तार किया। हालांकि, पुलिस के विस्तृत विवरण के मुताबिक अकबर को 18 अगस्त को सिलवासा से गिरफ्तार किया गया था।

नासिर के खिलाफ पहले 46, अली के खिलाफ 10 और अकबर के खिलाफ 22 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

बैंक खातों और संपत्तियों की जांच

जांच में IDFC फर्स्ट बैंक, एक्सिस बैंक समेत अन्य बैंकों के खातों में संदिग्ध नकद जमा, UPI लेनदेन और ऑनलाइन ट्रांसफर सामने आए। पुलिस के मुताबिक, अपराध से अर्जित रकम का इस्तेमाल वाहन खरीदने, उनकी किस्तें चुकाने और अन्य लेनदेन में किया गया।

महिंद्रा बोलेरो और हुंडई क्रेटा समेत वाहनों के स्वामित्व व फाइनेंसिंग दस्तावेजों की जांच की गई। दिल्ली, ग्रेटर नोएडा और अन्य स्थानों की संपत्तियों तथा कथित फर्जी पहचान दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई।

ज्वैलरी नेटवर्क से खपाते थे आभूषण

पुलिस ने बताया कि विभिन्न राज्यों में लूटे गए आभूषण दिल्ली के स्थानीय ज्वैलरी नेटवर्क के जरिये खपाए जाने की आशंका है। मकोका की धारा 18 के तहत नासिर और अली के इकबालिया बयान समेत बैंक रिकसर्ड, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेज अदालत में पेश किए गए हैं।

गिरोह के अन्य सदस्यों, संदिग्ध संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन की जांच जारी है। पुलिस पूरक आरोपपत्र भी दाखिल करेगी।

यह भी पढ़ें- 'किडनैपर' ने 40 हजार की फिरौती मांग भेजा अपना ही UPI बारकोड, 3 घंटे में दिल्ली पुलिस ने दबोचा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।