विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में वकीलों की हड़ताल से पहले पुलिस का एक्शन, शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव समेत कई वकीलों पर मुकदमा दर्ज

Published: Tue, 27 Oct 2026 12:00 AM (IST)

दिल्ली पुलिस ने शाहदरा बार एसोसिएशन के वकीलों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि इन्होंने ...और पढ़ें

वकीलों के खिलाफ मामला दर्ज, प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

वकीलों के खिलाफ मामला दर्ज, प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. पुलिस ने शाहदरा बार एसोसिएशन के वकीलों पर केस किया।

  2. सरकारी काम में बाधा डालने, धमकी देने का आरोप।

  3. यह कार्रवाई वकीलों की हड़ताल से पहले हुई।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। मंगलवार को दिल्ली की सभी जिला अदालत में वकीलों की पुलिस के खिलाफ काम बंद हड़ताल है। इस हड़ताल से एक दिन पहले सोमवार रात को दिल्ली पुलिस ने शाहदरा बार एसोसिएशन के वकीलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कड़ी कार्रवाई की है।

एसीपी शाहदरा मनस्वी वशिष्ट की शिकायत पर शाहदरा थाना पुलिस ने शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास, सदस्य विशाल शर्मा व विवेक पांडेय समेत कई के खिलाफ सरकारी कर्मचारी को धमकी देने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, अभद्रता करने, सरकारी कार्य मे व्यवधान डालने की धारा में केस दर्ज किया गया है।

वकीलों के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई

वकीलों के खिलाफ इस साल की यह सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। एसीपी मनस्वी ने अपनी शिकायत में कहा कि शाहदरा थाने के हेड कांस्टेबल अमित मलिक एक मामले में 24 अक्टूबर को कड़कड़डूमा कोर्ट गए थे।

उन्हें सूचना मिली कि हेड कांस्टेबल को कुछ वकीलों ने घेर लिया और 23 अक्टूबर को थाने में दर्ज एक मामले में बहस करने लगे। जैसे तैसे पुलिस कर्मी थाने आए।

वकीलों ने थानाध्यक्ष को दी धमकी

आरोप लगाया कि कुछ देर बाद शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास 10 से 15 वकीलों के साथ शाहदरा थाने आए। थानाध्यक्ष के कमरे में घुसकर वकीलों ने थानाध्यक्ष का हाथ खींचने की कोशिश की। एसीपी का दावा है वह खुद मौके पर मौजूद थे।

वकीलों ने थानाध्यक्ष को धमकी दी कि अगर थानाध्यक्ष कोर्ट आए तो वह उनकी पिटाई करेंगे। इसके साथ पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की कोशिश की। पूरी वारदात थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

झूठे मुकदमों से डरा रही है पुलिस

शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास ने कहा कि वकीलों के खिलाफ पुलिस ने झूठा मुकदमा दर्ज किया है। वकील डरेंगे नहीं। पुलिस को केस लड़ने के लिए कोर्ट में आना होगा। पुलिस को कोर्ट में प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा। पूरी दिल्ली के वकील एकजुट हैं। मंगलवार को दिल्ली के सभी अदालतों में वकीलों की काम बंद हड़ताल रहेगी।

क्या है पूरा मामला?

शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास ने बताया कि गत 23 अक्टूबर को वकील ललित बंसल किसी काम से शाहदरा की मार्केट गए थे। यहां पार्किंग विवाद में दो लोगों ने हमला करके वकील का सिर फाड़ दिया था। पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज किया था।

आरोपित भी पकड़े थे। आरोप लगाया कि दोनों आरोपितों को मोटी रकम लेकर छोड़ दिया। 24 अक्टूबर को शाहदरा बार एसोसिएशन सदस्य शाहदरा थाने गए थे। सचिव का आरोप है कि शाहदरा एसीपी ने पिस्टल दिखाकर वकीलों को डराया और गालीगलौज की। वहीं एसीपी ने आरोप को बेबुनियाद बताया है।

यह भी पढ़ें- पर्यावरण अपराधों की भी कैपिटल बनी दिल्ली, 91% मुकदमों की सुनवाई पेंडिंग; CSE रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

यह भी पढ़ें- दिल्ली में देर रात घूमना पड़ेगा महंगा, रात 12 बजे के बाद पार्किंग के लिए देना होगा दोगुना चार्ज