शोहदों को पढ़ा रहे शिष्टाचार का 'पाठ', पार्कों में वारदात के बाद सादे कपड़ों में पुलिस टीम ने 86 मनचलों को पकड़ा
पार्कों में हुई घटनाओं के बाद पूर्वी दिल्ली पुलिस ने मनचलों के खिलाफ अभियान चलाया है। एक सप्ताह में 86 लोगों को पकड़कर उनके अभिभावकों को सूचित किया गया।

दिल्ली पुलिस का 'शिष्टाचार स्क्वाड' स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड और बाजारों के आसपास सादे कपड़ों में तैनात रहकर युवतियों को परेशान करने वालों पर नजर रख रहा है।
HighLights
पूर्वी दिल्ली पुलिस ने 86 मनचलों को एक सप्ताह में पकड़ा।
सादे कपड़ों में 'शिष्टाचार स्क्वाड' सार्वजनिक स्थानों पर तैनात।
पकड़े गए युवकों के अभिभावकों को बुलाकर समझाइश दी गई।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। राजधानी के पार्कों में बीते दो महीनों में एक किशोरी और एक बच्ची से दुष्कर्म की घटनाओं के बाद सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। इसी पृष्ठभूमि में पूर्वी जिला पुलिस ने मनचलों के खिलाफ सख्ती बढ़ाते हुए एक सप्ताह में 86 लोगों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, सादे कपड़ों में तैनात टीम ने इन्हें हिरासत में लिया और मौके पर ही इनके अभिभावकों को बुलाकर हरकतों की जानकारी दी।
सादे कपड़ों में निगरानी और बसों में तैनाती
डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस का 'शिष्टाचार स्क्वाड' स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड और बाजारों के आसपास सादे कपड़ों में तैनात रहकर युवतियों को परेशान करने वालों पर नजर रख रहा है। बाइक से पीछा करने, बेवजह चक्कर लगाने और छेड़छाड़ जैसी हरकतों पर टीम की विशेष निगरानी है। उनके मुताबिक, डीटीसी बसों में भी स्क्वाड की महिला पुलिसकर्मी तैनात रहती हैं, ताकि किसी भी तरह की परेशानी की कोशिश पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

परिजनों के सुपुर्द और वाहनों पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवकों के अभिभावकों को बुलाकर उनकी गतिविधियों से अवगत कराया गया और समझाइश देने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया गया। साथ ही पकड़े गए लोगों के वाहनों को दिल्ली पुलिस (डीपी) एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया है।
लिखित शिकायत पर तुरंत एफआईआर
एफआईआर दर्ज करने को लेकर पूछे गए सवाल पर डीसीपी राजीव कुमार ने कहा कि यदि कोई महिला या युवती लिखित शिकायत देती है, तो बिना देरी किए एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई का मकसद छात्राओं और कामकाजी महिलाओं में असुरक्षा की भावना दूर कर सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षित माहौल बनाना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।