ठगने का नया तरीका, ₹2 के लालच में 41000 मोबाइल बने हथियार; दिल्ली पुलिस ने खोला 10 करोड़ की ठगी का राज
दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने 'विंगो कैश' ऐप के जरिए 2 रुपये ...और पढ़ें
-1765665851037_v-1794799096057_m.webp)
दिल्ली पुलिस ने 10 करोड़ की ठगी का खुलासा किया। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
'विंगो कैश' ऐप से 2 रुपये का लालच देकर ठगी।
41 हजार से अधिक मोबाइल का इस्तेमाल कर फर्जी संदेश।
फर्जी चालान भेजकर लोगों के बैंक खाते खाली किए गए।
धनंजय मिश्रा, दक्षिणी दिल्ली। डिजिटल अरेस्ट और निवेश के नाम पर झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह तो हर दिन सामने आते हैं। लेकिन, दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो ठगी का संदेश भेजने के लिए भी आम लोगों के मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे थे।
खास बात ये है कि ठगी का संदेश भेजने वाले मोबाइल के स्वामी 2 रुपये के लालच में ठगों के जाल में फंस रहे थे और उन्हें भनक तक नहीं लग रही थी।
पुलिस की जांच में अब तक ऐसे ही 41 हजार लोगों के मोबाइल फोन इस्तेमाल कर 600 से अधिक लोगों को ठगे जाने की बात सामने आ चुकी है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी पर ये संख्या और बढ़ सकती है।
10 करोड़ रुपये की ठगी
दक्षिण-पश्चिमी जिले की साइबर सेल थाना पुलिस ने एक नंबवर को 2.21 लाख रुपये की ठगी के मामले की जांच करते हुए देशभर में फैले साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया था। इसमें 10 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया था।
इस मामले में पुलिस ने मुंबई, लखनऊ, दिल्ली, राजस्थान और पंजाब से मोती सिंह बघेल, हर्षपाल, विक्की, विशाल दास वैष्णव और बृजेश को गिरफ्तार किया था।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को जांच में पता चला है कि ये गिरोह ठगी का संदेश भेजने के लिए आम लोगों के मोबाइल का ही इस्तेमाल कर रहा था।
जाल में ऐसे साइबर ठग
ठगों ने 'विंगो कैश' एप तैयार किया था, वाट्सएप व फेसबुक ग्रुप के जरिये लोगों तक भेज रहे थे। इसमें एप डाउनलोड करने पर दो रुपये मिलते थे। ये एप डाउनलोड करते ही मोबाइल स्क्रीन 30 सेकेंड के लिए लाक हो जाती थी। इस बीच फोन से एक बार में 3300 लोगों के पास उनके वाहनों के चालान फर्जी संदेश पहुंचता था, जो कि एपीके फाइल होती थी। इस पर क्लिक करते ही ठग मोबाइल हैक कर बैंक खाता खाली कर रहे थे।
पुलिस की जांच में अब तक 41 हजार लोगों के मोबाइल ठगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आ चुकी है। ठगी की रकम अलग-अलग फर्जी बैंक खातों के जरिए कुवैत के नेशनल बैंक के खाते में भेजी गई। इसके बाद उसे बिटकॉइन में बदलकर भारतीय बैंकिंग व्यवस्था से बाहर रकम की कड़ियां छिपाने की कोशिश की गई।
पुलिस की उलटी चाल से टूटा चक्रव्यूह
पुलिस ने जब जांच की तो संदेश भेजने वाले मोबाइल छात्रों, दुकानदारों और आम लोगों के निकले। इस पर पुलिस ने छोटे भुगतानों की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। जांच में पता चला कि जबलपुर में नितेश पटेल के नाम पर दर्ज सिम का इस्तेमाल उनका स्कूली छात्र भांजा कर रहा था। उसके फोन में वॉट्सएप ग्रुप के जरिये मिला 'विंगो कैश' एप था, जिससे बैकग्राउंड में करीब 3,300 फर्जी चालान संदेश भेजे गए थे। बदले में छात्र को दो या तीन रुपये मिले थे।
जांच में पता चला कि ये भुगतान मुंबई की श्री बालाजी एंटरप्राइजेज के खाते से किया गया। इस खाते से तीन दिन में दो से तीन करोड़ रुपये के छोटे भुगतान भी किए गए थे। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर अभी कई अन्य राज्यों में छापामारी कर रही है। इस गिरोह का मास्टमाइंड अभी फरार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।