अच्छी सैलरी वाली नौकरी और डायरेक्टर बनाने का झांसा, खुलवाए 7 बैंक खाते... रोहतक में युवती से करीब डेढ़ करोड़ की ठगी
रोहतक में नौकरी की तलाश में आई चरखी दादरी की युवती साइबर ठगी का शिकार हो गई। उसे 35 हजार ...और पढ़ें

रोहतक में युवती से करीब डेढ़ करोड़ की ठगी। सांकेतिक फोटो
HighLights
युवती को 35 हजार वेतन वाली नौकरी का झांसा दिया।
डायरेक्टर बनाकर उसके नाम पर सात बैंक खाते खुलवाए।
खातों से 1.48 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का लेनदेन हुआ।
जागरण संवाददाता, रोहतक। 35 हजार रुपये मासिक वेतन और एक अच्छी नौकरी की उम्मीद में रोहतक आई चरखी दादरी की युवती को कथित तौर पर साइबर ठगी के नेटवर्क में इस्तेमाल कर लिया गया। उसे एक निजी फर्म में डायरेक्टर बनाने का झांसा दिया गया और इसी बहाने उसके नाम पर सात से अधिक बैंक खाते खुलवा दिए गए।
युवती को बताया गया कि इन खातों में 28 राज्यों की सरकारों से मिलने वाली सब्सिडी आएगी, लेकिन हकीकत में खातों के जरिये 1 करोड़ 48 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन हुआ। हैरानी की बात यह है कि युवती को नौकरी के बदले वेतन भी नहीं मिला। बैंक अधिकारियों के घर पहुंचने पर उसे पूरे मामले का पता चला।
लुधियाना निवासी युवती से हुई दोस्ती
चरखी दादरी निवासी युवती ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जुलाई के पहले सप्ताह में नौकरी की तैयारी के लिए रोहतक आई थी। साहसी कालोनी में किराये पर रहने के दौरान उसकी दोस्ती लुधियाना निवासी प्रिया अरोड़ा से हुई।
प्रिया ने उसकी मुलाकात कपिल, मोनू मोर और सीनू से करवाई। बाद में कपिल और मोनू ने दोनों की मुलाकात खरखौदा निवासी अनुज दहिया से करवाई। युवती के अनुसार, वह प्रिया के साथ तिलियार के पास ओमेक्स सिटी स्थित फ्लैट में रहने लगी।
अनुज ने बताया कि वह रोहतक में वेडिंग प्लानर और टूर ट्रेवल्स की फर्म शुरू कर रहा है। उसके दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा में भी स्टूडियो और कार्यालय है। माडल शूट, ब्राइडल शूट, कैलेंडर लांच और फिल्मी इवेंट के काम का हवाला देकर उसने दोनों को नौकरी देने का प्रस्ताव दिया। इसके लिए 35 हजार रुपये मासिक वेतन देने की बात कही।
सब्सिडी के नाम पर खुलवाए खाते
शिकायत के मुताबिक, आरोपितों ने युवती को समझाया कि फर्म को 28 राज्यों से सरकारी सब्सिडी मिलेगी। इसके लिए उसके नाम से बैंक खाते खुलवाने होंगे। उसे फर्म का डायरेक्टर बनाने और संदीप नाम के युवक को दूसरा डायरेक्टर बनाने की बात कही गई। अनुज की मां अनिता ने भी खातों की जरूरत बताकर उसे भरोसे में लिया। इसके बाद युवती के नाम पर सात से अधिक बैंक खाते खुलवाए गए।
अनुज ने पावन हाउस में फर्म का कार्यालय भी शुरू कर दिया। कुछ समय काम करने के बाद जब युवती को वेतन नहीं मिला तो उसने इस बारे में पूछा। उसे भुगतान आने का इंतजार करने के लिए कहा गया। आरोप है कि उसे लगातार भरोसा दिलाया जाता रहा कि उसकी सैलरी मिल जाएगी और उसके साथ कोई गलत काम नहीं होगा।
घर पहुंचे बैंक अधिकारी तो सामने आया पूरा खेल
करीब 15 दिन पहले सेंट्रल बैंक के अधिकारी युवती के घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उसके खातों में 1 करोड़ 48 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन हुआ है। यह सुनकर युवती के होश उड़ गए। उसे पहली बार पता चला कि नौकरी और डायरेक्टर बनाने के नाम पर खुलवाए गए खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जा रहा था।
इसके बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक खातों के लेनदेन, ठगी की रकम के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।