विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा से दिल्ली तक फैले ड्रग्स सिंडिकेट पर पुलिस का प्रहार, सड़क से लेकर जंगलों तक छापेमारी कर क्राइम ब्रांच ने 3 को दबोचे

Published: Tue, 14 Jul 2026 05:37 PM (GMT+05:30)

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के बीच सक्रिय एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

तीन ड्रग तस्कर गिरफ्तार। सांकेतिक तस्वीर

तीन ड्रग तस्कर गिरफ्तार। सांकेतिक तस्वीर

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के बीच चल रहे एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर तीन ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इस मामले में सड़क और गली मोहल्ले से लेकर मुख्य सप्लायर तक कार्रवाई करते हुए इन आरोपितों को दबोचकर उनके कब्जे से 26.35 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल एक कार जब्त कर ली है। गिरोह के गुर्गों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच ने दिल्ली से लेकर ओडिशा के जंगलों तक छापेमारी की।

विशेष आयुक्त क्राइम ब्रांच, हर गोविंद सिंह धालीवाल के मुताबिक गिरफ्तार किए गए तस्करों में राहुल कुमार, राज नगर, पालम का रहने वाला है। वह दिल्ली-एनसीआर में गांजे की डिलीवरी और लोकल नेटवर्क संभालता था। इस पर पहले भी आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट के पांच मामले दर्ज हैं।

पामुलापति श्रीनिवास, गुंटूर, आंध्र प्रदेश का रहने वाला है। इसकी जेल में राहुल से मुलाकात हुई थी। यह आंध्र प्रदेश और ओडिशा के सप्लायरों और दिल्ली के डीलरों के बीच बिचौलिए का काम करता था। प्रतिनिधि कराड, गजपति, ओडिशा का रहने वाला है। यह इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सोर्स है, जो ओडिशा के जंगलों में गांजे की अवैध खेती और बड़े पैमाने पर तस्करी में शामिल था।

क्राइम ब्रांच के एएसआइ जितेंद्र सिंह को सूचना मिली कि राहुल कुमार नाम का एक व्यक्ति कार से पोचनपुर, द्वारका के पास गांजे की बड़ी खेप सप्लाई करने आने वाला है। डीसीपी हर्ष इंदोरा के नेतृत्व में एसीपी राजपाल डबास व इंस्पेक्टर अक्षय गहलोत की टीम ने पोचनपुर गांव, सेक्टर-23, द्वारका में जब राहुल की कार को रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा।

भागने के क्रम में उसकी कार पुलिस वाहन से टकरा गई। इसके बाद राहुल पैदल भागने की कोशिश की और पुलिस से हाथापाई की, लेकिन पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। कार की तलाशी लेने पर एक सफेद कट्टे से 25 पैकेट बरामद हुए, जिसमें 26.35 किलोग्राम गांजा था।

पूछताछ में उसने बताया कि वह यह गांजा आंध्र प्रदेश के गुंटूर के रहने वाले पामुलापति श्रीनिवास से लेता था। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिये उसे उत्तम नगर से गिरफ्तार कर लिया।

पामुलापति श्रीनिवास और राहुल ने पूछताछ में बताया कि गांजे का असली मालिक ओडिशा के गजपति जिले का रहने वाला प्रतिनिधि कराड है। जिसके बाद ब्रांच की एक टीम ने ओडिशा के गजपति जिला पहुंच कर स्थानीय इनपुट्स की मदद से मुख्य सप्लायर प्रतिनिधि कराड को भी दबोच लिया।

तस्करी में इस्तेमाल एसएक्स 4 कार राहुल की पाई गई। क्राइम ब्रांच अब इस नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस सिंडिकेट से और कौन-कौन जुड़े हैं और दिल्ली-एनसीआर में यह ड्रग्स किन-किन तस्करों को सप्लाई की जानी थी।

यह भी पढ़ें: मोबाइल टावरों से आरआरयू चोरी कर हांगकांग भेजने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।