विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के रोहिणी में iPhone के नकली स्पेयर पार्ट्स बेचने वाले रैकेट का खुलासा, 1.60 करोड़ का माल जब्त

Published: Sun, 08 Mar 2026 02:35 PM (IST)

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी में नकली एप्पल आईफोन स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज़ बेचने वाले रैकेट का भंडाफोड़ ...और पढ़ें

आईफोन के नकली पार्ट्स बेचने वाले गिरफ्तार। फोटो: सांकेतिक

आईफोन के नकली पार्ट्स बेचने वाले गिरफ्तार। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. रोहिणी में आईफोन नकली स्पेयर पार्ट्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ

  2. पांच दुकानदार गिरफ्तार, करोड़ों रुपये के नकली पार्ट्स जब्त

  3. पुलिस नकली सामान के स्रोत और सप्लाई चेन की जांच कर रही

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी इलाके में आईफोन के नकली स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज बेचने वाले एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच दुकानदारों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करोड़ों रुपये कीमत के नकली आईफोन पार्ट्स और एक्सेसरीज बरामद की हैं।

क्राइम ब्रांच की नॉर्दर्न रेंज-1 टीम को छह मार्च को रोहिणी इलाके में गुप्त सूचना मिली थी कि विकास सूर्य शॉपिंग मॉल और मंगलम प्लेस, एम2के, सेक्टर-3 स्थित कुछ दुकानों पर एप्पल आईफोन के नकली स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज को असली बताकर बेचा जा रहा है। सूचना के बाद इंस्पेक्टर अजय शर्मा के नेतृत्व में और एसीपी अशोक शर्मा की देखरेख में टीम ने छापेमारी की योजना बनाई।

छापेमारी के दौरान माैजूद रहा एप्पल का प्रतिनिधि

छापेमारी के दौरान एप्पल कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि तौकीर चौधरी को भी टीम के साथ शामिल किया गया। इसके बाद पुलिस ने विकास सूर्य शॉपिंग मॉल और मंगलम प्लेस स्थित पांच दुकानों—दिनेश स्पेयर पार्ट, सिंघल्स मोबाइल एक्सेसरीज, प्रधान जी कम्युनिकेशन, सतगुरु एक्सेसरीज और कंसल एक्सेसरीज नेक्स्ट पर छापेमारी की।

जांच के दौरान दुकान मालिक एप्पल कंपनी से संबंधित कोई अधिकृत दस्तावेज या बिल पेश नहीं कर सके। एप्पल के प्रतिनिधि द्वारा जांच में इन दुकानों से बड़ी मात्रा में नकली आईफोन स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज बरामद हुईं, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

ये नकली पार्ट्स बरामद किए गए 

बरामद सामान में आईफोन के बैक पैनल, बैक बॉडी, बैटरियां, कैमरा और चार्जिंग फ्लेक्स, बैक कवर, एडॉप्टर और यूएसबी-सी केबल शामिल हैं। कुल मिलाकर लगभग 1000 बैक पैनल, 180 बैक बॉडी, 228 बैटरियां, 48 कैमरा व चार्जिंग फ्लेक्स, 738 बैक कवर, 14 एडॉप्टर और 109 यूएसबी-सी केबल बरामद की गईं।

एप्पल टीम के अनुसार जब्त सामान की कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत क्राइम ब्रांच थाने में मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिनेश (सुल्तानपुरी), शिवम सिंघल (बुद्ध विहार फेज-1), शिवम (समयपुर बादली), पुनीत (सेक्टर-6 रोहिणी) और रामकरण शर्मा (सेक्टर-7 रोहिणी) के रूप में हुई है। सभी आरोपित संबंधित दुकानों के मालिक या संचालक हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के बवाना में युवक की गोली मारकर हत्या, CCTV कैमरे खंगालकर जांच में जुटी पुलिस