विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डेटिंग एप पर दोस्ती, फिर नकली पुलिस बनकर करते थे छापेमारी; चार गिरफ्तार

Published: Sun, 17 May 2026 06:54 AM (IST)

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने टिंडर और क्वैकक्वैक जैसे डेटिंग ऐप्स पर हनीट्रैप के जरिए लोगों से वसूली करने वाले गिरोह ...और पढ़ें

हनीट्रैप के जरिए लोगों से वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़।

हनीट्रैप के जरिए लोगों से वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़।

HighLights

  1. डेटिंग ऐप्स पर नकली महिला प्रोफाइल बनाते थे।

  2. नकली पुलिस बनकर दुष्कर्म का आरोप लगाते थे।

  3. पीड़ितों से लाखों रुपये की जबरन वसूली करते थे।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। टिंडर और क्वैकक्वैक जैसे डेटिंग एप पर हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर लोगों से वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर क्राइम ब्रांच ने आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह बहुत शातिर तरीके से काम करता था, पहले डेटिंग एप्स पर नकली महिला प्रोफाइल बनाई जाती थीं, इसके बाद गिरोह में शामिल महिला पीड़ितों को सूनसान जगह मिलने बुलाती थी, जहां अन्य आरोपित नकली पुलिस अधिकारी बन छापेमारी करते थे और दुष्कर्म का आरोप लगा पीड़ितों से पैसे ऐंठे जाते थे।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नजफगढ़ के सुशील कुमार, सोनीपत के दीपक उर्फ साजन, उत्तम नगर के विनोद पंडित और तिलक नगर के नीरज त्यागी उर्फ धीरू के रूप में हुई है। गिरोह में शामिल अन्य महिला आरोपित पूजा उर्फ कीर्ति और गगन अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 15 लाख की मांग

क्राइम ब्रांच के उपायुक्त पंकज कुमार के मुताबिक, पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि वह टिंडर के जरिए कीर्ति नामक महिला के संपर्क में आया। उसने उसे जनकपुरी के हल्दीराम में मिलने के लिए बुलाया और बाद में उसे अपनी एक और साथी के साथ एक फ्लैट में ले गई। थोड़ी देर बाद नकली पुलिस की वर्दी पहने चार आरोपित वहां पहुंचे पीड़ित को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 15 लाख की मांग की।

इसके बाद आरोपितों ने शिकायतकर्ता को जबरन अपनी मारुति सियाज कार में बंद कर लगातार घुमाते रहे, साथ ही उस पर नकदी का इंतजाम करने और एटीएम से पैसे निकालने का दबाव डालते रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इंस्पेक्टर पवन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई

जांच के दौरान एएसआइ अशोक ने इस गिरोह की गतिविधियों के बारे में खास जानकारी जुटाई और गिरोह को पकड़ने के लिए एसीपी नरेंद्र बेनीवाल की देखरेख में और इंस्पेक्टर पवन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

12 मई को पुलिस टीम ने कल्याण ज्वेलर्स, राजौरी गार्डन के पास जाल बिछाते हुए संदिग्ध गाड़ी को रोका। गाड़ी रुकते ही तीन आरोपित भागने में कामयाब रहे, जबकि एक आरोपित सुशील कुमार को पीड़ित के साथ मौके पर ही पकड़ लिया गया। आरोपित ने पुलिस की नकली वर्दी पहनी हुई थी।

पूछताछ में आरोपित ने अपने साथियों दीपक, नीरज त्यागी, विनोद पंडित और कीर्ति के साथ अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर दीपक, विनोद और नीरज को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरोह का काम करने का तरीका

जांच में पता चला कि गिरोह अनजान लोगों को फंसाने के लिए टिंडर और क्वैकक्वैक जैसे डेटिंग ऐप्स पर नकली महिला प्रोफाइल बनाते थे। संपर्क करने के बाद, गिरोह की महिला सदस्य पीड़ितों को सार्वजनिक जगहों पर मिलने के लिए बुलाती थीं। इसके बाद, पीड़ितों को धोखे से किराए के कमरों या सुनसान जगहों पर ले जाया जाता था, जहां गिरोह के दूसरे सदस्य नकली पुलिस रेड करते थे।

एक आरोपित पुलिस की वर्दी पहनकर पुलिस अधिकारी होने का नाटक करता था, ताकि उसे डराया जा सके। फिर पीड़ितों को दुष्कर्म के झूठे आरोपों सहित झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती थी और समझौते की रकम के तौर पर उनसे मोटी रकम ऐंठ कर आपस में बांट लेते थे।

पहले भी आपराधिक मामलों में रहे हैं शामिल

गिरफ्तार किए गए तीन आरोपित नीरज, विनोद और दीपक पहले भी बिंदापुर थाने में दर्ज इसी तरह के एक मामले में शामिल पाए गए। वहीं आरोपित सुशील कुमार को भी 2017 में एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें अपराध करने का तरीका भी इसी तरह का था।

यह भी पढ़ें- कस्टम ड्यूटी बढ़ने से दिल्ली एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी में बढ़ोतरी, अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट सक्रिय

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।