कस्टम ड्यूटी बढ़ने से दिल्ली एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी में बढ़ोतरी, अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट सक्रिय
सोने पर आयात शुल्क में भारी बढ़ोतरी के बाद दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों पर सोने की तस्करी के मामलों ...और पढ़ें
-1778978606622_m.webp)
इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पिछले कुछ दिनों में सोने की तस्करी के मामलों में अचानक तेजी आई।
HighLights
सोने पर आयात शुल्क 6% से 15% बढ़ा।
दिल्ली एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी में तेजी।
तस्कर अपना रहे कपड़े, बेल्ट, शरीर में छिपाने के तरीके।
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। देश के अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट, विशेषकर इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पिछले कुछ दिनों में सोने की तस्करी के मामलों में अचानक आई तेजी ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। वरिष्ठ सीमा शुल्क (कस्टम) अधिकारियों ने हाल ही में पकड़े गए अंतरराष्ट्रीय तस्करों से पूछताछ और डेटा के विश्लेषण के बाद एक चौंकाने वाला खुलासा किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, तस्करी में आई इस अचानक तेजी का सीधा संबंध सरकार द्वारा सोने पर आयात शुल्क (कस्टम ड्यूटी) में की गई भारी बढ़ोतरी से है।
6 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत हुई ड्यूटी
कस्टम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, हाल ही में सरकार ने सोने पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर सीधे 15 प्रतिशत कर दिया है। टैक्स में हुई इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी ने वैध रूप से सोना आयात करने वालों के लिए लागत बढ़ा दी है, लेकिन दूसरी ओर इसने अवैध रूप से सोना देश में लाने वाले अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के हौसले बुलंद कर दिए हैं।
ड्यूटी बढ़ते ही भारत के घरेलू बाजार और विदेशी बाजार में सोने की कीमतों का अंतर बहुत ज्यादा बढ़ गया है, जिससे अवैध सोने की मांग और उसकी कीमत आसमान छूने लगी है।
मुनाफे का मार्जिन बढ़ा, तो तस्करों की बेचैनी भी बढ़ी
इस नीतिगत बदलाव ने अवैध बाजार के समीकरणों को पूरी तरह बदल कर रख दिया है। अब ब्लैक मार्केट में प्रति किलो सोने पर मिलने वाला प्राफिट मार्जिन रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है। कस्टम अधिकारियों का कहना है कि जब प्रति किलो मुनाफा लाखों रुपये में बढ़ जाता है, तो अंतरराष्ट्रीय गिरोहों की बेचैनी और जोखिम लेने की क्षमता भी बढ़ जाती है। यही वजह है कि अब तस्कर पकड़े जाने के डर से पीछे नहीं हट रहे हैं, बल्कि भारी मुनाफे के लालच में पहले से कहीं ज्यादा बड़ा रिस्क उठा रहे हैं।
कपड़े, बेल्ट और शरीर के अंगों में छुपा रहे हैं ''खजाना''
कस्टम अधिकारियों की मानें तो इस बढ़े हुए मुनाफे के कारण तस्कर अब पकड़े जाने से बचने के लिए बेहद जटिल और शातिर तरीके अपना रहे हैं। सोने को भारत की सीमा के भीतर घुसाने के लिए अब कई तरह हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
- सीक्रेट क्लाथिंग : कपड़ों के भीतर खास तरह के केमिकल या पतली परत (शीट्स) के रूप में सोना सिल दिया जाता है।
- मशीनी डिजाइन बेल्ट: ऐसी बेल्ट और बकल तैयार किए जा रहे हैं जो दिखने में सामान्य लगते हैं, लेकिन उनके भीतर शुद्ध 24-कैरेट सोने के बिस्किट छिपे होते हैं।
- बाडी कैविटी (शरीर के अंग): तस्कर अब अपने शरीर के आंतरिक अंगों में कैप्सूल या पेस्ट के रूप में सोना छिपाकर ला रहे हैं, जो मेटल डिटेक्टर की पकड़ को भी चकमा देने की कोशिश होती है।
कस्टम विभाग ने भी कसी कमर
तस्करों के इस बदलते और खतरनाक पैटर्न को देखते हुए कस्टम विभाग ने भी एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को ''हाई-अलर्ट'' पर डाल दिया है। अब केवल सामान्य चेकिंग के भरोसे न रहकर, संदिग्ध रूटों से आने वाले यात्रियों का ''डेटा विश्लेषण'' और ''एडवांस रिस्क-प्रोफाइलिंग'' की जा रही है, ताकि इन अंतरराष्ट्रीय आर्थिक अपराधियों को एयरपोर्ट पर कदम रखते ही दबोचा जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।