कंबोडिया में ठगों को फॉरवर्ड हो जाता था OTP, दिल्ली पुलिस ने 5 जालसाजों को दबोचा; 2 करोड़ रुपये फ्रीज
दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट ने म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल करने वाले एक साइबर सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन को फ्रीज कराया, जो कंबोडिया से संचालित हो रहा था।

दिल्ली पुलिस ने बड़ा साइबर ठग गिरोह पकड़ा। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) यूनिट ने साइबर अपराधियों को ''म्यूल बैंक अकाउंट'' (फर्जी या किराए के बैंक खाते) मुहैया कराने वाले एक सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने कई राज्यों में छापा मार इस सिंडिकेट के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने दो करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता लगा पूरी रकम को बैंक खाते में ही फ्रीज करा दिया है।
इस ऑपरेशन से आंध्र प्रदेश में दर्ज साइबर ठगी के दो मामलों का भी पर्दाफाश हुआ है।
होटल में छापा मार पांच आरोपियों को दबोचा
डीसीपी गौरव त्यागी का कहना है कि साइबर ठगी के इसी साल के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाला एक गिरोह के कुछ गुर्गे द्वारका इलाके के एक होटल में ठहरे हुए हैं।
ये आरोपी मैसर्स एम.आर. ट्रेडर्स के नाम से खुले एचडीएफसी बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम इधर-उधर करने के लिए कर रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ओटीपी विदेश में बैठे ठगों को हो जाते थे फारवर्ड
जांच में सामने आया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम कर रहा था। इनके मोबाइल की जांच में एसएमएस टूल्स नाम का एक एप मिला है।
इसे इस तरह प्रोग्राम किया गया था कि फोन पर आने वाले सभी मैसेज और ओटीपी अपने आप विदेश में बैठे साइबर अपराधियों के पास फारवर्ड हो जाते थे।
इससे विदेश में बैठे ठग भारत के बैंक खातों को रिमोटली ऑपरेट कर रहे थे। आरोपी आपसी तालमेल के लिए टेलीग्राम का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने ऐसे सात टेलीग्राम चैनलों की पहचान की है, जिनके जरिए म्यूल बैंक खातों की खरीद-बिक्री का धंधा चल रहा था।
कंबोडिया में बैठे सिंडिकेट से जुड़े जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनके नाम अनीश खान, इंतखाब, अल्ताफ हुसैन, मोहम्मद महफुजर रहमान व इजहार आलम हैं। इनके पास से जब्त मोबाइल फोन से वाट्सएप और टेलीग्राम चैट के अलावा क्रिप्टोकरेंसी के लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं।
दो करोड़ रुपये की ठगी की रकम कराई फ्रीज
पुलिस ने इनके कब्जे से एमआर ट्रेडर्स के नाम की चेकबुक, छह मोबाइल और सात टेलीग्राम चैनलों से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक के अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से बैंक खाते में मौजूद दो करोड़ रुपये ठगी की रकम को समय रहते होल्ड करवा दिया गया।
यह पूरा ऑपरेशन एसीपी विवेकानंद झा व इंस्पेक्टर सतीश कुमार की टीम ने किया। पुलिस अब नेटवर्क के अन्य सदस्यों, मनी ट्रेल और विदेशी हैंडलर्स की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी, नूंह से दबोचा गया अंतरराज्यीय ATM लुटेरा राहुल खान; 5 वारदातों में था वॉन्टेड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।