चीनी टेलीग्राम से जुड़े साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़, बैंक मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली पुलिस ने चीनी टेलीग्राम चैनल से जुड़े एक बड़े साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इसमें एक ...और पढ़ें
-1776330193992_m.webp)
गिरोह के कई सदस्य गिरफ्तार। जागरण
HighLights
पूर्वी दिल्ली में चीनी साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़।
बैंक मैनेजर, चाचा-भतीजे सहित तीन आरोपी गिरफ्तार।
ढाई माह में एक करोड़ की ठगी, क्रिप्टोकरेंसी से चीन भेजी।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। चीन में बैठे ठगों के टेलीग्राम चैनल से जुड़े साइबर ठग गिरोह का पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर समेत चाचा-भतीजे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है।
विदेशी ठग चीन में बैठकर भारतीयों के वॉट्सएप, फेसबुक व इंस्टाग्राम पर एपीके फाइल (एंड्राइड पैकेज किट) भेजकर बैंक खाते खाली कर रहे थे। पकड़े गए ठग अपने विदेशी आकाओं को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध करवा रहे थे।
म्यूल बैंक खाते व एटीएम कार्ड बरामद
आरोपियों की पहचान रिलेशनशिप मैनेजर व बिहार के गया निवासी फ्रांशु कुमार, मेरठ के सरधना स्थित छुर गांव निवासी शौकिन व इसके भतीजे शाहरुख के रूप में हुई है। ढाई माह में इस गिरोह ने करीब 50 लोगों को अपना शिकार बनाते हुए एक करोड़ रुपये की ठगी की है। ठगी की रकम क्रिप्टोकरेंसी के जरिये चीन के ठगों को भेजी जा रही थी। पुलिस ने इनके पास से कई म्यूल बैंक खाते व एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार रावल ने बताया कि ऑपरेशन साइबर हाक चला रही है। एनसीआरपी पोर्टल से ठगी की एक शिकायत मिली थी। बरेली निवासी अमन बाबू मौर्य नाम के व्यक्ति ने 22 फरवरी को ऑनलाइन 10 हजार रुपये की ठगी हुई थी।
जांच में पता चला कि ठगी की रकम दिल्ली के मयूर विहार फेज-एक स्थित सिटी यूनियन बैंक के एक संदिग्ध बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में एसआई अमन, एएसआई महेश, कांस्टेबल सरिता की एक टीम बनाई गई।
पांडव नगर थाने में ठगी का एक केस दर्ज किया
वहीं, जांच में पता चला कि म्यूल खाता कंस्ट्रक्शन रायल एंटरप्राइजेज के नाम से पुरानी कोंडली निवासी शौकीन के नाम पर खुला हुआ है। पता चला कि इस बैंक खाते का इस्तेमाल आठ अलग-अलग ठगी की वारदात में हुआ है। पुलिस ने पांडव नगर थाने में ठगी का एक केस दर्ज किया गया।
टीम ने टेक्निकल सर्विलांस के जरिये शौकीन को कोंडली से गिरफ्तार किया। उसने पुलिस को बताया कि यह खाता उसने अपने भतीजे शाहरुख के कहने पर खुलवाया था। इसके बाद पुलिस ने कोंडली से ही शाहरुख को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की।
शाहरुख को 15 दिन की दी थी ऑनलाइन ट्रेनिंग
शाहरुख ने बताया कि म्यूल खाते रिलेशनशिप मैनेजर फ्रांशु कुमार खुलवाता था। एक खाता खुलवाने के 10 से 15 हजार रुपये वसूलता था। आरोपी ने बताया कि वह गत फरवरी में टेलीग्राम पर बने चैनल के जरिये चीन के ठगों के संपर्क में आया था। वह पांचवी कक्षा तक पढ़ा है और अपने चाचा शौकीन के साथ सैलून चलाता है। चीन के ठगों ने शाहरुख को 15 दिन की ठगी करने की ऑनलाइन ट्रेनिंग दी थी। ट्रेनिंग के बाद शाहरुख ने अपने चाचा को गिरोह में शामिल कर लिया था। बाद में पुलिस ने मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। म्यूल खाते उपलब्ध करवाने पर उसे कमीशन मिलता था। पुलिस को ठगों से की गई टेलीग्राम चैट भी मिली है।
यह भी पढ़ें- ISI से जुड़ा अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर गिरफ्तार, लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा का है करीबी
अमीर बनने के चक्कर में ठगों की मदद करना था मैनेजर
पुलिस को पूछताछ में बैंक मैनेजर ने बताया कि वह अमीर बनने के चक्कर में ठगों की मदद करता था। फर्जी कागजात पर म्यूल खाते खोल देता था। पुलिस इसके साथियों का पता लगा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।