ऑपरेशन कवच-15 के तहत दिल्ली पुलिस ने 48 घंटे में 256 नार्को क्रिमिनल्स को दबोचा, भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद
दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन कवच-15' के तहत 48 घंटे में 256 नार्को अपराधियों को गिरफ्तार किया, जिसमें भारी मात्रा में ...और पढ़ें

'ऑपरेशन कवच-15' के तहत दिल्ली पुलिस ने शहर भर में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
'ऑपरेशन कवच-15' में दिल्ली पुलिस ने 256 नार्को अपराधी दबोचे।
48 घंटे के अभियान में भारी मात्रा में ड्रग्स और नकदी बरामद।
नशीली दवाओं के नेटवर्क को तोड़ने पर दिल्ली पुलिस का जोर।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से 'ऑपरेशन कवच-15' के तहत शहर भर में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। 24 सितंबर शाम 6 बजे से 26 सितंबर शाम 6 बजे तक 48 घंटे तक चलाए गए अभियान और उसके बाद 1 अक्टूबर तक के फॉलो-अप में सभी जिलों, क्राइम ब्रांच, एंटी-नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्पेशल सेल की टीमें एक साथ सक्रिय रहीं।
1708 स्थानों पर की गई छापेमारी
इस अभियान में कुल 1708 स्थानों पर छापे और चेकिंग अभियान चलाए गए। नतीजतन, 214 एनडीपीएस मामलों में 256 नार्को अपराधियों (जिनमें एक बाल अपराधी शामिल) को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, 15 उद्घोषित अपराधी (पीओ) और सात वांटेड आरोपियों को भी पकड़ा गया। 140 हिस्ट्रीशीटरों की जांच की गई।
बरामदगी का ब्यौरा
अभियान में भारी मात्रा में नशीली दवाएं और नकदी बरामद हुई, जिनमें शामिल हैं...
ऑपरेशन कवच-15.0 में बरामद ड्रग्स और नकदी
| पदार्थ | मात्रा |
|---|---|
| गांजा | 111.748 किलोग्राम |
| स्मैक/हेरोइन | 3.959 किलोग्राम |
| कोकीन | 107.43 ग्राम |
| एमडीएमए | 684.22 ग्राम |
| चरस | 1.057 किलोग्राम |
| अन्य दवाएं | एम्फेटामाइन, अल्प्राजोलम, बुप्रेनॉर्फिन, ट्रामाडोल, मॉर्फिन, फेनिरामाइन इंजेक्शन आदि |
| नकदी | लगभग 23 लाख रुपये |
प्रमुख कार्रवाइयां
- उत्तम नगर में एक 19 वर्षीय युवक से कुल 1.341 किलोग्राम हेरोइन बरामद।
- तीन नाइजीरियाई नागरिकों से 417 ग्राम MDMA और 105 ग्राम कोकीन जब्त।
- द्वारका में एक आरोपी से एमडीएमए, कोकीन, एलएसडी, टीएचसी युक्त उत्पाद और करीब 19 लाख रुपये नकदी बरामद किए गए। इनका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 2.5 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
- रोहिणी एवं नरेला क्षेत्र में दो आरोपियों से कुल 801 ग्राम हेरोइन और दो गाड़ियां जब्त की।
तस्करी का पूरा नेटवर्क तोड़ने का लक्ष्य
दिल्ली पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में खुफिया जानकारी, आपराधिक रिकॉर्ड और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर लक्ष्य तय किए गए। टीमों ने सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर आपूर्ति के स्रोत, वितरण चैनल, वित्तीय लाभार्थियों और पूरी तस्करी श्रृंखला को तोड़ने पर भी फोकस किया।
नशीली दवाओं के नेटवर्क के खिलाफ निरंतर
दिल्ली पुलिस का कहना है कि 'ऑपरेशन कवच' का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों को नशे की लत से बचाना है। पुलिस समाज के सभी वर्गों, खासकर अभिभावकों, शिक्षकों और स्वयंसेवी संगठनों से अपील करती है कि वे युवाओं को नशीली दवाओं के खतरों के प्रति जागरूक करें। दिल्ली पुलिस नशीली दवाओं के नेटवर्क के खिलाफ निरंतर, खुफिया आधारित और समन्वित कार्रवाई जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
