रक्षा मंत्रालय के रिटायर्ड अफसर से 2.02 करोड़ की ठगी, लखनऊ से तीन गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक सेवानिवृत्त रक्षा अधिकारी से 'डिजिटल अरेस्ट' के जरिए 2.02 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

रक्षा मंत्रालय के रिटायर्ड अफसर से 2.02 करोड़ की ठगी ( फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
सेवानिवृत्त अधिकारी से 2.02 करोड़ रुपये की ठगी।
दिल्ली पुलिस ने लखनऊ से तीन ठगों को दबोचा।
फर्जी जांच एजेंसी अधिकारी बनकर किया डिजिटल अरेस्ट।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। रक्षा मंत्रालय के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को पांच दिनों तक 'डिजिटल अरेस्ट' कर 2.02 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (आइएफएसओ) ने पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने इस मामले में लखनऊ से तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार कर उनके पास से मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड और चेकबुक बरामद की है।
70 लाख का हुआ लेनदेन..
डीसीपी गौरव त्यागी के मुताबिक, पीड़ित ने जनवरी में आइएफएसओ में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अनजान नंबर से फोन आया। कॉलर ने दावा किया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर जम्मू-कश्मीर में बैंक खाता खोला गया है, जिसमें 70 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है।
इसके बाद ठगों ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर फर्जी जांच शुरू की और गिरफ्तारी का डर दिखाया। लगातार फोन पर निगरानी और मानसिक दबाव के चलते पीड़ित कई बार बैंक गए और ठगों के बताए अलग-अलग खातों में कुल 2.02 करोड़ रुपये भेज दिए।
E-FIR के बाद शुरू हुई जांच
मामले में 15 जनवरी को आइएफएसओ में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने लेनदेन की जांच में पाया कि ठगी की रकम कई फर्जी और म्यूल बैंक खातों के जरिए घुमाई गई थी। तकनीकी सुरागों के आधार पर लखनऊ में दबिश देकर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार मोहम्मद इमरान खान एक कंपनी का डायरेक्टर है। उसकी कंपनी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 17 लाख रुपये भेजे गए थे। राम किशोर साइबर ठगी के लिए बैंक खाते जुटाकर आपरेटरों को देता था।
रूपेंद्र प्रताप सिंह बेनिफिशियरी खातों का संचालन, रकम आगे भेजने और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए कमीशन बांटने का काम करता था। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान, बाकी रकम का पता लगाने और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।