दिल्ली में महिला सुरक्षा का नया घेरा, हॉटस्पॉट पर उतरीं 20 ऑल-वुमन PCR वैन; कॉलेज-बाजारों पर खास नजर
दिल्ली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने के लिए संवेदनशील इलाकों में महिला पीसीआर वैन तैनात कर रही है। आस्थाकुंज ...और पढ़ें

नई दिल्ली जिले में तैनात आल महिला पीसीआर। सौजन्य- दिल्ली पुलिस
HighLights
दिल्ली पुलिस ने महिला सुरक्षा के लिए नए कदम उठाए।
संवेदनशील इलाकों में महिला पीसीआर वैन तैनात की गईं।
महिलाओं की सुरक्षा घेरा मजबूत करने को और वैन आएंगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए दिल्ली पुलिस लगातार नए और कड़े कदम उठा रही है। हाल ही में हुई आस्थाकुंज की घटना के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में है।
थानों में महिला इंस्पेक्टरों की तैनाती और सड़कों पर महिला पुलिसकर्मियों द्वारा गश्त बढ़ाने के बाद, अब दिल्ली के उन अति संवेदनशील इलाकों में महिला पीसीआर वैन तैनात की गई हैं, जहां पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं से संबंधित यौन शोषण और अन्य अपराध की घटनाएं अधिक दर्ज की गई हैं।
पहले से मौजूद 15 ऑल महिला पीसीआर
पीसीआर यूनिट के पास पहले से 15 आल महिला पीसीआर है, जो नई दिल्ली, दक्षिण, दक्षिण-पूर्वी, दक्षिण-पश्चिम, उत्तरी व मध्य जिले में कुछ चुनिंदा प्रयर्टन स्थलाें पर तैनात रहती हैं। इनमें प्रत्येक में तीन से चार महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है।
अब आस्थाकुंज की घटना के बाद आनन फानन में पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के निर्देश पर 20 और आल महिला पीसीआर तैयार कर उन्हें महिला एवं बाल सुरक्षा यूनिट की डीसीपी नेहा यादव को सौंप दी गई।
इन्हें फिलहाल महिला अपराध के लिहाज से अति संवेदनशील यानी हाट स्पाट वाले जगहों पर तैनात किया गया है।
महिलाओं की सुरक्षा घेरे को और मजबूत करने के लिए जल्द ही और अधिक महिला पीसीआर वैन तैयार की जा रही हैं, जिन्हें शहर के अन्य संवेदनशील स्थानों पर उतारा जाएगा। दिल्ली पुलिस की यह पहल राजधानी में महिलाओं का विश्वास बढ़ाने और अपराधों पर अंकुश लगाने में बेहद मददगार साबित होगी।
कॉलेजों और स्कूलों पर फोकस
इन पीसीआर के रूट इस प्रकार तय किए गए हैं ताकि महिलाओं और लड़कियों की आवाजाही वाले प्रमुख क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी साफ तौर पर नजर आए। उदाहरण के ताैर पर प्रमुख कालेज और विश्वविद्यालय परिसर, स्कूल और शैक्षणिक संस्थान, प्रमुख बाजार और भीड़भाड़ वाले कमर्शियल सेंटर आदि के पास ये पीसीआर गश्त कर रही हैं।
इस रणनीतिक तैनाती का मुख्य उद्देश्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर महिला सुरक्षा को लेकर एक मजबूत और दृश्यमान उपस्थिति दर्ज कराना है। इन इलाकों में पुलिस की निरंतर गश्त से किसी भी असामाजिक गतिविधि पर लगाम लगेगी और महिलाएं खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर सकेंगी।
