विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब्रिक्स सम्मेलन 2026: दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, झाड़ौदा, कापसहेड़ा और टीकरी बॉर्डर पर सख्त पहरा

Published: Fri, 11 Sep 2026 08:36 AM (IST)

दिल्ली पुलिस ब्रिक्स समिट के मद्देनजर राजधानी की सुरक्षा पुख्ता करने में जुटी है। हरियाणा से दिल्ली को जोड़ने वाले ...और पढ़ें

HighLights

  1. ब्रिक्स समिट के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई।

  2. टीकरी, कापसहेड़ा, झाड़ौदा बॉर्डर पर सघन जांच अभियान।

  3. वाहनों, दस्तावेजों और संदिग्ध सामान की तलाशी जारी।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। ब्रिक्स समिट को लेकर दिल्ली पुलिस राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने में जुट गई है। दिल्ली में प्रवेश के प्रमुख रास्तों पर विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस के अनुसार, खासतौर पर हरियाणा से दिल्ली को जोड़ने वाले टीकरी, कापसहेड़ा और बाबा हरिदास नगर के झाडौदा बॉर्डर पर पुलिस ने सख्त जांच अभियान शुरू किया है।

बता दें कि इन तीनों सीमावर्ती रास्तों का महत्व अलग-अलग है और बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही के कारण सुरक्षा के लिहाज से इन पर विशेष नजर रखी जा रही है।

टीकरी बॉर्डर पर कड़ा पहरा

टीकरी बॉर्डर दिल्ली को हरियाणा के बहादुरगढ़ और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने वाला प्रमुख प्रवेश मार्ग है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में निजी और व्यावसायिक वाहन दिल्ली में प्रवेश करते हैं। ऐसे में बाहरी दिल्ली की ओर से राजधानी में आने वाले वाहनों की जांच सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा है।

मुंडका थाना के एसएचओ गुलशन गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम वाहनों और उनके सवारों की गहन जांच कर रही है।

संदिग्ध सामान की हो रही जांच

वहीं, कापसहेड़ा बॉर्डर दिल्ली को गुरुग्राम और हरियाणा के अन्य इलाकों से जोड़ता है। यह मार्ग दिल्ली और गुरुग्राम के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में शामिल है। यहां से आने वाले वाहनों की जांच कर पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। वाहनों के दस्तावेजों और संदिग्ध सामान की भी जांच की जा रही है।

बाबा हरिदास नगर के झाडौदा बॉर्डर नजफगढ़ क्षेत्र की ओर से हरियाणा को दिल्ली से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण सीमावर्ती मार्ग है। एसएचओ अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने यहां विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार, बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोककर चालकों के पहचान पत्र, वाहन के दस्तावेज और संदिग्ध सामान की जांच की गई। जरूरत पड़ने पर वाहनों की डिक्की खोलकर तलाशी भी ली गई।

वाहनों से काली फिल्म हटाई

इस दौरान संयुक्त जांच के दौरान वाहनों के शीशों पर लगी काली फिल्म पर भी कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से मौके पर ही काली फिल्म हटवाई गई और संबंधित चालकों के चालान काटे गए।

तीनों प्रमुख बार्डर पर वाहनों की जांच के साथ स्वान दस्ते की भी तैनाती की गई है। संदिग्ध वस्तुओं और सामान की जांच में उनकी मदद ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ब्रिक्स समिट के मद्देनजर सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी, गश्त और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान झमाझम बारिश के आसार

यह भी पढ़ें- ब्रिक्स सम्मेलन के चलते प्रभावित होंगी यूपी-नई दिल्ली रूट पर चलने वाली ये 9 ट्रेन, रूट में भी होगा बदलाव