दौड़-कूद किसी और ने की, खुद देने पहुंचा हाइट-चेस्ट का माप; दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा में पकड़ा गया अभ्यर्थी
दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में वजीराबाद में शारीरिक परीक्षण के दौरान एक उम्मीदवार को प्रतिरूपण के आरोप में पकड़ा ...और पढ़ें

पकड़ा गया उम्मीदवार अक्षित (19 वर्ष) हरियाणा के सोनीपत जिले के सिलाना गांव का रहने वाला है। एआई इमेज
HighLights
वजीराबाद में दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती में प्रतिरूपण का मामला सामने आया।
उम्मीदवार अक्षित ने अपनी शारीरिक परीक्षा किसी और से दिलवाई थी।
अधिकारियों को पसीना न होने पर शक हुआ, फिर पकड़ा गया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल पद के लिए वजीराबाद (डीपीए) में गुरुवार को शारीरिक सहनशक्ति एवं माप परीक्षण चल रहा था। इसी दौरान एक उम्मीदवार को अपनी जगह किसी और से परीक्षा दिलवाने (प्रतिरूपण) के आरोप में रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
ऐसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा
पकड़ा गया उम्मीदवार अक्षित (19 वर्ष) हरियाणा के सोनीपत जिले के सिलाना गांव का रहने वाला है। वह 1600 मीटर दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद पूरी होने के बाद ऊंचाई और छाती के माप के लिए खड़ा था।
परीक्षण के बाद भी उसके शरीर पर पसीना या धूल नहीं लगी थी, जिससे अफसरों को उस पर शक हुआ। इसके अलावा वहां मौजूद अन्य उम्मीदवारों ने भी इशारा किया कि शारीरिक परीक्षा देने वाला व्यक्ति यह नहीं था।
पूछताछ में कबूली कारस्तानी
सख्त पूछताछ में अक्षित ने सच उगल दिया। उसने बताया कि उसके भाई ने किसी अन्य व्यक्ति को उसकी जगह शारीरिक सहनशक्ति परीक्षण देने के लिए तैयार किया था। वह फर्जी एडमिट कार्ड के जरिए अंदर घुसा, शारीरिक परीक्षण पास किया और फिर चेस्ट नंबर अक्षित को सौंपकर चला गया। इसके बाद अक्षित खुद बायोमेट्रिक और माप परीक्षण (हाइट-चेस्ट) देने के लिए खड़ा हो गया था।
पुलिस की कार्रवाई और एफआईआर
आरोपी उम्मीदवार को सोनिया विहार थाने के हवाले कर दिया गया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया है और कहा है कि भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रहे, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
