पेशी के बाद कोर्ट से निकलते ही महिला से की ठगी, गहनों के बदले लिफाफे में थमाई चार्जिंग केबल; दो आरोपित गिरफ्तार
साकेत कोर्ट से ठगी के मामले में पेश होने के बाद वापस लौटते समय आरोपियों ने फिर से एक वारदात को अंजाम दिया। लौट रहे आरोपियों ने एक महिला को लिफ्ट देकर खुद को डाकघर अधिकारी बताकर उसके सोने के गहने ठग लिए।
-1795435684623_m.webp)
साकेत कोर्ट से निकलते ही बदमाशों ने की ठगी। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
महिला को लिफ्ट देकर डाकघर अधिकारी बताकर गहने ठगे गए।
हौज खास पुलिस ने दो आरोपितों को 8 घंटे में पकड़ा।
ठगी में प्रयुक्त कार और गिरवी रसीद भी बरामद हुई।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। साकेत कोर्ट से लौट रहे आरोपितों ने सफेद अर्टिगा कार में 50 वर्षीय महिला को लिफ्ट दी और खुद को डाकघर का अधिकारी बताकर उसके सोने के गहने ठग लिए। जांच के नाम पर गहने लिफाफे में रखवाए और उनकी जगह मोबाइल चार्जिंग केबल थमा दी।
हौज खास थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के आठ घंटे के भीतर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल कार और गहने गिरवी रखने से संबंधित 60,357 रुपये की रसीद भी बरामद हुई है।
क्या है पूरा मामला?
जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल के अनुसार, त्रिलोकपुरी निवासी रोहित शर्मा (26 वर्ष) 19 नवंबर को सनलाइट कॉलोनी थाने में दर्ज ठगी के मामले में साकेत कोर्ट में पेशी के लिए आया था। लौटते समय उसने साथी रॉकी के साथ पंचशील एन्क्लेव बस स्टॉप पर बस का इंतजार कर रही सोनतारा को निशाना बनाया।
पंचशील पार्क में घरेलू सहायिका का काम करने वाली महिला को दोनों ने अर्टिगा में लिफ्ट दी। खुद को डाकघर का अधिकारी बताकर गहनों की जांच का झांसा दिया। महिला ने अपने झुमके, चेन और मंगलसूत्र लिफाफे में रख दिए। आरोपितों ने लिफाफा बदलकर उसमें मोबाइल चार्जिंग केबल रख दी और महिला को प्रगति मैदान के पास उतारकर फरार हो गए।
कार के नंबर से आरोपितों तक पहुंची पुलिस
एसएचओ सतीश जसोरिया की देखरेख में एसआइ संजय मीणा और हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार की टीम ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी निगरानी से कार की पहचान की। पता चला कि अर्टिगा रोहित ने किराये पर ली थी। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में चंदर कुमार की भूमिका सामने आई।
उसने ठगे गए गहने खिचड़ीपुर स्थित फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखवाए थे। पुलिस ने चंदर को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 60,357 रुपये की स्वीकृति वाली गिरवी रसीद बरामद हुई है। गहनों की बरामदगी और फरार रॉकी की तलाश जारी है।
आरोपितों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमें
रोहित के खिलाफ लूट और ठगी समेत पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, फरार रॉकी पर अवैध हथियार रखने, झपटमारी और ठगी समेत सात मामले दर्ज हैं। चंदर पर आरोप है कि उसने अपने पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर ठगी के गहने गिरवी रखने में मदद की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।