विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भाई, जरा धक्का लगा दो', मदद मांगने आया युवक ले भागा एक्टिवा; दिल्ली पुलिस ने दबोचा नोएडा का 'अर्जुन'

By Dhananjai MishraEdited By: Pooja Tripathi
Published: Sat, 14 Nov 2026 12:00 PM (IST)

दक्षिणी दिल्ली के लाडो सराय बस स्टैंड के पास मदद मांगने के बहाने एक बदमाश ने युवक की एक्टिवा और मोबाइल फोन छीन लिया।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. लाडो सराय में मदद के बहाने एक्टिवा और मोबाइल फोन चोरी।

  2. दिल्ली पुलिस ने नोएडा से आरोपित पुष्पेंद्र उर्फ अर्जुन को दबोचा।

  3. चोरी की एक्टिवा, मोबाइल और मथुरा से चुराई बाइक बरामद।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। लाडो सराय बस स्टैंड के पास मदद मांगने के बहाने एक बदमाश ने युवक की एक्टिवा और उसमें रखा मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।

साकेत थाना पुलिस ने तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपित को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर छीनी गई होंडा एक्टिवा और विवो मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। साथ ही उसके कब्जे से मथुरा के वृंदावन थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल भी मिली है।

पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को लाडो सराय बस स्टैंड के पास से स्कूटर छीनने की शिकायत मिली थी। पीड़ित ने बताया कि एक व्यक्ति उसके पास आया और अपनी मोटरसाइकिल खराब होने की बात कहकर उसे धक्का लगाने में मदद करने को कहा।

स्कूटी को धक्का देने का दिया था प्रस्ताव

इसके बाद आरोपित ने उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठने और खुद उसकी एक्टिवा चलाते हुए खराब बाइक को धक्का देकर ले जाने का प्रस्ताव दिया। पीड़ित उसकी बातों में आ गया और मोटरसाइकिल पर बैठ गया। इसी दौरान आरोपित उसकी होंडा एक्टिवा लेकर फरार हो गया।

एक्टिवा में पीड़ित का विवो मोबाइल फोन भी रखा था। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम को एक्टिवा की लोकेशन नोएडा में मिली। वहां स्कूटर खड़ा मिला। पुलिस ने आरोपित के आने का इंतजार किया और उसे स्कूटर लेने पहुंचने पर दबोच लिया।

उसकी पहचान बुलंदशहर निवासी पुष्पेंद्र उर्फ अर्जुन (29) के रूप में हुई है।  पूछताछ और जांच के दौरान उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई, जो मथुरा के वृंदावन थाने में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित है। इस मामले में उसके खिलाफ 21 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज हुई थी।

यह भी पढ़ें- 200 CCTV कैमरों की फुटेज और एक छोटी सी भूल... दिल्ली की मयूर विहार पुलिस ने ऐसे दबोचे स्कूटी सवार मोबाइल झपटमार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।