200 CCTV कैमरों की फुटेज और एक छोटी सी भूल... दिल्ली की मयूर विहार पुलिस ने ऐसे दबोचे स्कूटी सवार मोबाइल झपटमार
मयूर विहार पुलिस ने 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मोबाइल झपटमारी के तीन आरोपियों फैजान, दिशान और शाहरुख को गिरफ्तार किया है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
मयूर विहार पुलिस ने तीन मोबाइल झपटमारों को गिरफ्तार किया।
200 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की गई।
झपटा मोबाइल और चोरी की दो स्कूटी बरामद की गईं।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। मयूर विहार थाना पुलिस ने मोबाइल झपटमारी के एक मामले में सीसीटीवी कैमरों की 200 फुटेज खंगाल कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से झपटा गया रेडमी-15 मोबाइल फोन और चोरी की दो स्कूटी बरामद की हैं।
आरोपितों की पहचान त्रिलोकपुरी निवासी फैजान उर्फ फैज, दिशान उर्फ बाबा और शाहरुख उर्फ अम्मू के रूप में की है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि सात नवंबर को अन्नू नाम की महिला ने मयूर विहार थाने में मोबाइल झपटमारी की शिकायत दी थी।
उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपने कार्यालय से मयूर विहार एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन की ओर जा रही थीं। शाम करीब 4:45 बजे पेट्रोल पंप के पास स्कूटी सवार एक बदमाश उनके हाथ से रेडमी-15 मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गया। पुलिस ने 200 फुटेज खंगाले।
पुलिस ने ऐसे पकड़े तीनों आरोपी
इसी बीच 10 नवंबर को मयूर विहार इलाके से एक अन्य स्कूटी चोरी हुई। उसकी सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर फैजान उर्फ फैज की पहचान हुई। जांच आगे बढ़ी तो झपटमारी और स्कूटी चोरी की वारदातों में उसके साथ दिशान, शाहरुख की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने फैजान की निशानदेही पर महिला से झपटा गया मोबाइल और कालकाजी व मयूर विहार इलाके से चोरी की गई दो स्कूटी बरामद की हैं। आरोपितों की निशानदेही पर पांडव नगर से चोरी की गई वारदात में इस्तेमाल स्कूटी अभी बरामद नहीं हुई है।
पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जांच में आरोपितों के खिलाफ पहले से भी झपटमारी और चोरी समेत अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।