विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के सीलमपुर में रोड रेज में हत्यारोपित गिरफ्तार, तीन दिन बाद स्पेशल सेल ने एलएलबी छात्र को दबोचा

Published: Wed, 21 Oct 2026 03:40 PM (IST)

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सीलमपुर रोड रेज हत्या मामले में फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद गाजी उर्फ गाजी ...और पढ़ें

आरोपित मोहम्मद गाजी उर्फ गाजी अब्बास को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित मोहम्मद गाजी उर्फ गाजी अब्बास को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया।

HighLights

  1. सीलमपुर रोड रेज हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार।

  2. एलएलबी छात्र गाजी अब्बास ने की थी गोलीबारी।

  3. पुलिस ने आरोपी से सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सीलमपुर में रोड रेज में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर देने के मामले में फरार चल रहे आरोपित मोहम्मद गाजी उर्फ गाजी अब्बास को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक सेमी-आटोमैटिक पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए गए हैं। गाजी अब्बास, ब्रह्मपुरी का रहने वाला है।

14 अक्टूबर को तड़तड़ाई थीं गोलियां

डीसीपी नारा चैतन्य के मुताबिक 14 अक्टूबर की शाम गौतमपुरी की गली नंबर-आठ के बाहर फायरिंग की एक वारदात हुई थी। इस गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल वसीम नामक युवक (सीलमपुर) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

सीलमपुर थाना पुलिस ने हत्या की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। नहीं पकड़े जाने पर अपराध की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल सेल को आरोपितों की पहचान कर उन्हें दबोचने का जिम्मा सौंपा गया था।

तस्करी का नेटवर्क खंगालने लगी पुलिस

एसीपी राहुल कुमार सिंह व इंस्पेक्टर सुनील तेवतिया की टीम ने गहन जांच के बाद गाजी अब्बास को 18 अक्टूर को मयूर विहार फेज-तीन से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल और चार कारतूस बरामद हुए। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी है।

ट्रैफिक में टक्कर लगने पर गहराया विवाद

पूछताछ में उसने बताया कि 14 अक्टूबर की शाम गौतमपुरी की गली नंबर-आठ में एक मामूली ट्रैफिक टक्कर (ब्रेजा कार) को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इसी दौरान उसने वसीम को बेहद करीब से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था।

गाजी अब्बास, मूलरूप से बुलंदशहर का रहने वाला है। उसका जन्म दुर्गापुरी, दिल्ली में हुआ था। उसने गौतमपुरी के एक सरकारी स्कूल से अपनी पढ़ाई पूरी की और वर्तमान में मेरठ से डिस्टेंस लर्निंग के जरिए एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था।

धीरे-धीरे अपराध के दलदल में समाता गया

पढ़ाई से ध्यान भटकने और स्थानीय स्तर पर गलत संगत में पड़ने के कारण वह अपराध की दुनिया में उतर गया। उसके खिलाफ 2021 में जाफराबाद में एक केस दर्ज हुआ था, जिसके बाद वह तीन साल तक मंडोली जेल में बंद रहा था। जेल में रहने और बाहर आने के बाद वह स्थानीय अपराधियों के संपर्क में आकर अपराध की दलदल में धंस गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में जमीन के सर्किल रेट 20 गुना बढ़ाने की मांग, क्या किसानों को मिलेगा 10 करोड़ प्रति एकड़? बैठक 23 को

यह भी पढ़ें- पत्नी ने पति के फर्जी हस्ताक्षर कर बेटे को ऑस्ट्रेलिया ले गई, दिल्ली में अपहरण का मामला दर्ज