हेरोइन सप्लाई करने दिल्ली आया कॉलेज छात्र अरेस्ट, द्वारका पुलिस ने पकड़ा; विदेशियों से था तगड़ा कनेक्शन
द्वारका पुलिस ने हरियाणा के 22 वर्षीय युवक रोहित को 101 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। वह जनकपुरी ...और पढ़ें
-1793162575704_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated Image)
HighLights
द्वारका पुलिस ने 101 ग्राम हेरोइन के साथ युवक को पकड़ा।
आरोपी हरियाणा का है, विदेशी नागरिक से लेता था खेप।
अंतरराज्यीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। हरियाणा से दिल्ली आकर हेरोइन की खेप लेने और उसे वापस ले जाने के आरोप में द्वारका जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
आरोपित के पास से 101 ग्राम हेरोइन और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपित ने जनकपुरी में एक विदेशी नागरिक से हेरोइन लेने की बात बताई है। पुलिस इस कथित अंतरराज्यीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने की कार्रवाई
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने 24 अक्टूबर को यह कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग दिल्ली से मादक पदार्थ लेकर दिल्ली-एनसीआर के आसपास के इलाकों में आपूर्ति कर रहे हैं। इसके बाद इंस्पेक्टर सतीश कुमार के नेतृत्व में टीम ने द्वारका सेक्टर-1 स्थित हरसुख अपार्टमेंट के पास जाल बिछाया और रोहित को पकड़ लिया।
विदेशी नागरिक से ली थी हेरोइन की खेप
पुलिस के मुताबिक, गुरुग्राम जिले के पटौदी क्षेत्र के ऊंचा माजरा गांव का रहने वाला रोहित हरियाणा से दिल्ली आया था। पूछताछ में उसने बताया कि उसने जनकपुरी इलाके में एक विदेशी नागरिक से हेरोइन की खेप ली थी।
उसने यह भी दावा किया कि उसे यह खेप जयविंदर के निर्देश पर मिली थी। जयविंदर के विदेशी नागरिक के संपर्क में होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन जानकारियों की पुष्टि करने में जुटी है।
24 अक्टूबर को दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में द्वारका साउथ थाने में 24 अक्टूबर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपित को दो दिन की पुलिस हिरासत में लिया है। जांच में बरामद हेरोइन के स्रोत, उसकी आपूर्ति कहां की जानी थी और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। संबंधित इलाकों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रोहित की उम्र 22 वर्ष है और वह हरियाणा के सिद्धरावली कालेज से बीकाम अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। उपलब्ध रिकार्ड के अनुसार, उसका पहले कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। पुलिस विदेशी नागरिक और जयविंदर समेत अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
