विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के सभी पार्कों का होगा सुरक्षा ऑडिट, कालकाजी गैंगरेप के बाद एक्शन में LG; 1 हफ्ते में तलब की रिपोर्ट

Published: Wed, 23 Sep 2026 01:38 PM (IST)

कालकाजी पार्क में हुई घटना के बाद, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली के सभी पार्कों का एक सप्ताह के भीतर सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्देश दिया है।

एलजी तरनजीत सिंह संधू ने पार्कों के सुरक्षा ऑडिट को लकर की बैठक। फोटो: एक्स

एलजी तरनजीत सिंह संधू ने पार्कों के सुरक्षा ऑडिट को लकर की बैठक। फोटो: एक्स

HighLights

  1. उपराज्यपाल ने दिल्ली के सभी पार्कों के सुरक्षा ऑडिट का दिया निर्देश

  2. पार्कों में पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर जोर

  3. महिलाओं की सुरक्षा हेतु पिंक पुलिस कर्मियों की तैनाती का सुझाव

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में गैंगरेप की वारदात के बाद अब सरकार ने दिल्ली के सभी पार्कों की सुरक्षा जांच का आदेश दिया है।

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने नगर निगम (एमसीडी), दिल्ली पुलिस और डीडीए के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद राजधानी के सभी पार्कों का एक सप्ताह के भीतर व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्देश दिया है।

इसमें पार्कों में पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था, नियमित पुलिस गश्त और साफ-सफाई की स्थिति की जांच की जाएगी। एलजी का यह निर्देश दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी इलाके में आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद आया है।

पुलिस के अनुसार, तीन आरोपितों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी और उसके दोस्त को धमकाया और उसे पार्क के सुनसान हिस्से में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। मामले में तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पार्कों में रोशनी पर विशेष जोर

एलजी ने पार्कों के सुरक्षा ऑडिट में पर्याप्त और काम कर रही लाइटों की उपलब्धता को प्राथमिकता देने को कहा है। आस्था कुंज पार्क की घटना के बाद सामने आई सुरक्षा संबंधी चिंताओं में पार्क के कई हिस्सों में अंधेरा और निगरानी की कमी का मुद्दा भी सामने आया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, पार्क में कई लैंप पोस्ट काम नहीं कर रहे थे और अंदर सीसीटीवी की भी कमी थी।

बीट पेट्रोलिंग बढ़ाएगी दिल्ली पुलिस

संधू ने दिल्ली पुलिस को पार्कों के आसपास बीट पेट्रोलिंग मजबूत करने का निर्देश दिया है। पार्क परिसरों के आसपास पिंक पुलिस कर्मियों की तैनाती पर भी जोर दिया गया है, ताकि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को मजबूत किया जा सके।

एलजी ने इससे पहले भी संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले इलाकों में पुलिस की दृश्य मौजूदगी और पैदल व मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया है।

आरडब्ल्यूए से भी ली जाएगी मदद

डीडीए और एमसीडी को पार्कों के रखरखाव के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), निजी संस्थानों और स्थानीय शिक्षण संस्थानों के साथ साझेदारी की संभावनाएं तलाशने को कहा गया है। इसका उद्देश्य पार्कों की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करना है।

एलजी ने कहा कि दिल्ली के नागरिकों के बेहतर जीवन के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सभी के लिए सुलभ पार्क जरूरी हैं। इसके लिए संबंधित एजेंसियों को सुरक्षा और रखरखाव से जुड़े इंतजामों को मजबूत करना होगा।

यह भी पढ़ें- कालकाजी गैंगरेप: जन्मदिन की खुशी चीखों में बदली, केक काटकर मंदिर गई थी किशोरी; पुलिसवाले बनकर आए थे दरिंदे

यह भी पढ़ें- कालकाजी घटना के बाद लेडी श्रीराम कॉलेज का बड़ा फैसला, ऑनलाइन क्लासेज हुईं शुरू