विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए पार्किंग शुल्क दोगुना करने की तैयारी, एमसीडी में फंसा प्रस्ताव

Published: Sat, 24 Oct 2026 09:09 PM (GMT+05:30)

दिल्ली सरकार के प्रदूषण नियंत्रण प्रयासों के तहत पार्किंग शुल्क दोगुना करने का प्रस्ताव एमसीडी में फंसा हुआ है। ऐसे ...और पढ़ें

दिल्ली में पार्किंग शुल्क दोगुना करने की तैयारी, जागरण।

दिल्ली में पार्किंग शुल्क दोगुना करने की तैयारी, जागरण।

HighLights

  1. दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण हेतु पार्किंग शुल्क दोगुना करने की तैयारी।

  2. एमसीडी सदन में प्रस्ताव अटकने से लागू होने में हो रही देरी।

  3. पिछली बार शुल्क बढ़ने पर सड़कों पर वाहन खड़े होने की समस्या।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण नियंत्रण के दिल्ली सरकार के प्रयास जमीन पर कैसे लागू हो पाएंगे यह बड़ा सवाल है। ग्रेप लागू होने के बाद भी जमीनी स्तर पर निगम की सक्रियता नहीं दिख रही।

साथ ही वायु प्रदूषण को लेकर एक नवंबर से 27 फरवरी तक लागू होने वाले दिल्ली सरकार के फ्रेमवर्क के लिए भी निगम सुस्त नजर आ रहा है। आलम यह है कि पार्किंग शुल्क एक नवंबर से दोगुना होना है, सदन में उसका प्रस्ताव तक नहीं आया।

पार्किंग शुल्क वृद्धि में हो रही देरी

दरअसल, एमसीडी सदन की मंजूरी से ही पार्किंग शुल्क में वृद्धि या इसे दोगुना किया जा सकता है। ऐसे में एक नंवबर से इसे लागू करने के लिए 22 अक्टूबर को हुई सदन की बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव पारित हो जाना चाहिए था। एमसीडी सूत्रों के अनुसार एमसीडी के लाभकारी परियोजना सेल (आरपी सेल) ने प्रस्ताव विधि विभाग को भेजा है।

वहां से मंजूरी मिलने के बाद इसे निगम सदन के समक्ष रखा जाएगा। सदन की अगली बैठक अगले महीने होने की संभावना है। ऐसे में निर्धारित तारीख तक प्रस्ताव को मंजूरी दिलाना निगम के लिए चुनौती बन सकता है।

बुलाया जा सकता है विशेष बैठक

एक नवंबर से इसे लागू करने के लिए विशेष सदन की बैठक बुलाने या महापौर की अग्रिम मंजूरी लेने का विकल्प तलाशना पड़ सकता है। इससे इतर, एनडीएमसी ने प्रदूषण नियंत्रण संबंधी फ्रेमवर्क के तहत शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी मिलते ही आदेश जारी किया जा सकता है।

पार्किंग शुल्क बढ़ने से बढ़ सकती है परेशानी

उल्लेखनीय है कि पार्किंग शुल्क बढ़ाने का एमसीडी का पुराना अनुभव भी चिंता बढ़ाता है। वर्ष 2018 में तत्कालीन दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने पार्किंग शुल्क बढ़ाया था। इसके बाद वाहन चालकों ने पार्किंग स्थलों के बजाय सड़कों पर वाहन खड़े करने शुरू कर दिए थे। इससे सड़कों पर जाम की समस्या बढ़ने लगी। आखिरकार निगम को बढ़ा हुआ शुल्क वापस लेना पड़ा था।

पार्किंग शुल्क पर एक नजर

  • एनडीएमसी क्षेत्र में करीब 150 और एमसीडी क्षेत्र में 400 से अधिक पार्किंग स्थल हैं।
  • एनडीएमसी और एमसीडी, दोनों क्षेत्रों में चार पहिया वाहनों के लिए सामान्य दर 20 रुपये प्रति घंटा है। अधिकतम 24 घंटे का शुल्क 100 रुपये है।
  • एमसीडी क्षेत्र में दोपहिया वाहनों के लिए 10 रुपये प्रति घंटा और 24 घंटे का अधिकतम शुल्क 50 रुपये है। प्रस्ताव लागू होने पर इन दरों में दोगुनी वृद्धि हो सकती है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में CNG सिलेंडर हाइड्रो टेस्ट पर बढ़ी सख्ती, महज 10 टेस्टिंग सेंटर के कारण भटक रहे दिल्लीवासी

यह भी पढ़ें- NCR वाले ध्यान दें! 1 नवंबर से गैर BS-6 वाहनों के दिल्ली प्रवेश पर बैन, लापरवाही पड़ सकती है भारी