दिल्ली में बेकाबू स्कॉर्पियो से नाबालिग ने तीन को किया घायल, क्या पिता पर होगी कार्रवाई? जानें क्या कहता है नियम
दिल्ली के पहाड़गंज में एक नाबालिग छात्र ने स्कॉर्पियो से तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें पान खोखा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। क्या मोटर वाहन अधिनियम के तहत नाबालिग के पिता पर कार्रवाई हो सकती है?

लोगों को टक्कर मारने के बाद पान के खोखे में घुसी स्कार्पियो। फोटो-जागरण
HighLights
नाबालिग छात्र ने स्कॉर्पियो से तीन लोगों को घायल किया।
हादसे में पान खोखा संचालक गंभीर रूप से चोटिल हुआ।
क्या मोटर वाहन अधिनियम के तहत पिता पर होगी कानूनी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी की सड़कों पर नाबालिगों के हाथ में गाड़ियों के स्टेयरिंग किस तरह जानलेवा साबित हो सकती है, इसका उदाहरण शनिवार सुबह मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में देखने को मिला।
आरामबाग में दसवीं कक्षा का एक छात्र स्कॉर्पियो कार लेकर सड़क पर निकला और अनियंत्रित होकर उसने कई लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद कार सड़क किनारे स्थित पान के खोखे में जा घुसी। हादसे में दो किशोरियों समेत तीन लोग घायल हो गए। इनमें खोखा संचालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पिता के नाम पर है कार का रजिस्ट्रेशन
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ। कार दसवीं कक्षा में पढ़ने वाला नाबालिग छात्र चला रहा था। वह अपने परिवार के साथ आरामबाग में ही रहता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्कार्पियो उसके पिता के नाम पर पंजीकृत है। हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस उसकी पहचान की पुष्टि कर उसे तलाशने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नाबालिग को कार चलाने के लिए वाहन किसकी अनुमति से मिला था। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
क्या कहता है नियम?
मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199A में नाबालिगों द्वारा किए गए वाहन संबंधी अपराधों के लिए विशेष प्रावधान हैं। जिसके तहत नाबालिग के अभिभावक या वाहन मालिक को जिम्मेदार ठहराया जाता है।
कानून के मुताबिक, अगर नाबालिग द्वारा किसी अपराध को अंजाम दिया जाता है, तो अभिभावक या वाहन मालिक को दोषी माना जाएगा और उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अगर अभिभावक द्वारा यह साबित कर दिया जाता है कि अपराध उनकी जानकारी में नहीं हुआ तो कार्रवाई से बच सकते हैं।
अस्पताल में चल रहा घायल का इलाज
हादसे के बाद नाबालिग चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घायल खोखा संचालक की पहचान 40 वर्षीय रमेश कुमार के रूप में हुई है। वह आरामबाग इलाके में पान-बीड़ी का खोखा चलाते हैं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, कार की चपेट में आईं दोनों किशोरियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें- IIT दिल्ली ने शुरू किया AI आधारित डिजाइन थिंकिंग सर्टिफिकेट कोर्स, जानें कब और कैसे करें अप्लाई
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।