दिल्ली में वृद्धा पेंशन सूची से बाहर हो जाएंगे 25% लाभार्थी? घर-घर सत्यापन का प्रोसेस शुरू
दिल्ली सरकार की ओर से 4.4 लाख वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के बाद लगभग 25 प्रतिशत नाम हटने की संभावना है।
-1792922909903_m.webp)
दिल्ली के वृद्धावस्था पेंशन योजना सूची का होगा सत्यापन, जागरण आर्काइव।
HighLights
4.4 लाख वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन शुरू।
अपात्रों की पहचान कर सूची से नाम हटाए जाएंगे।
घर-घर जाकर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन योजना के तकरीबन 4.4 लाख लाभार्थियों का सत्यापन शनिवार से शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत अपात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनके नाम सूची से हटाए जाएंगे।
सरकार को उम्मीद है कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मौजूदा लाभार्थियों की सूची में 20 से 25 प्रतिशत तक जगह खाली हो सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
घर-घर जाकर होगा बायोमेट्रिक सत्यापन
सरकारी अधिकारियों ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया पहले शुरू होनी थी, लेकिन तीसरे पक्ष के जरिये लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण कराने की अनुमति नहीं मिलने के कारण इसे रोकना पड़ा था। अब अनुमति मिलने के बाद घर-घर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन शुरू कर दिया गया है।
इस अभियान का उद्देश्य मृत लाभार्थियों के नाम हटाने के साथ ही दोहरे या अन्य सरकारी सहायता के साथ अपात्र रूप से वृद्धावस्था पेंशन लेने वाले लोगों की पहचान करना है। सत्यापन के बाद सभी लाभार्थियों का रिकार्ड भी दुरुस्त किया जाएगा।
कॉमन सर्विसत सेंटर के साथ हुआ समझौता
इस काम के लिए दिल्ली सरकार के समाज कल्याण विभाग ने इस साल की शुरुआत में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के साथ समझौता किया था। सीएससी के दिल्ली में करीब छह हजार केंद्र हैं। इसके नेटवर्क की मदद से सत्यापन दल लाभार्थियों के पंजीकृत पते पर पहुंचेंगे।
जांच के दौरान लाभार्थियों की उंगलियों के निशान और आंखों की पुतली के जरिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया जाएगा। साथ ही उनकी मौके पर तस्वीर ली जाएगी और इलेक्ट्रानिक दस्तावेजों के माध्यम से रिकॉर्ड अपडेट किया जाएगा।
उम्र के हिसाब से मिलती है पेंशन
दिल्ली सरकार की योजना के तहत 60 से 69 वर्ष की आयु के पात्र बुजुर्गों को हर महीने 2,000 रुपये पेंशन दी जाती है। वहीं, 70 वर्ष या इससे अधिक उम्र के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को हर महीने 2,500 रुपये मिलते हैं।
सत्यापन के बाद सामने आने वाली रिक्तियों से नए पात्र बुजुर्गों को योजना से जोड़ने की संभावना बन सकती है। हालांकि, नए लाभार्थियों को शामिल करने के संबंध में अधिकारियों ने फिलहाल कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं बताई है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के स्कूल में कोडरमा की छात्रा की संदिग्ध मौत, स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून इकोनोमिक कारिडोर पर हादसा, विपरीत दिशा में दौड़ रही कार दूसरी से टकराई... बाल-बाल बचे सवार
