कभी शिकारगाह था पीर गैब, दिल्ली की इन 5 ऐतिहासिक जगहों का खुलेगा राज; नॉर्दर्न रिज में होगी हेरिटेज वॉक
डीडीए और इंटेक दिल्ली चैप्टर 12 दिसंबर को नॉर्दर्न रिज में एक गाइडेड हेरिटेज वॉक आयोजित कर रहे हैं। इसमें प्रतिभागी म्यूटिनी मेमोरियल, अशोक स्तंभ सहित पांच ऐतिहासिक स्थलों के माध्यम से दिल्ली की छिपी विरासत और विभिन्न कालों के इतिहास को जान सकेंगे।

पीर गैब। सौजन्य : डीडीए
HighLights
डीडीए-इंटेक 12 दिसंबर को नॉर्दर्न रिज में हेरिटेज वॉक।
म्यूटिनी मेमोरियल, अशोक स्तंभ सहित पांच ऐतिहासिक स्थल शामिल।
प्रागैतिहासिक से ब्रिटिश काल तक दिल्ली का इतिहास जानें।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की छिपी हुई ऐतिहासिक विरासत को जानने के लिए डीडीए और इंडियन नेशनल ट्रस्ट फार आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इंटेक) दिल्ली चैप्टर 12 दिसंबर को नॉर्दर्न रिज में गाइडेड हेरिटेज वाॅक आयोजित करेंगे।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर होने वाली इस वॉक में प्रतिभागियों को दिल्ली के इतिहास की कई परतों से रूबरू होने का मौका मिलेगा। इसके लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये और लागू जीएसटी शुल्क देना होगा।
ब्रिटिश काल के इतिहास की मिलेगी जानकारी
वाॅक के दौरान पांच प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों को दिखाया जाएगा। इनमें म्यूटिनी मेमोरियल (अजीतगढ़), अशोक स्तंभ, हिंदू राव अस्पताल, पुरानी बावली और पीर गैब शामिल हैं। प्रतिभागियों को प्रागैतिहासिक काल से लेकर मौर्य, तुगलक, 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम और ब्रिटिश शासन के दौर तक के इतिहास की जानकारी दी जाएगी।
औपनिवेशिक काल के अस्पताल को बनाया अस्पताल
तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व का अशोक स्तंभ मूल रूप से मेरठ क्षेत्र में स्थापित था, जिसे 14वीं शताब्दी में फिरोज शाह तुगलक दिल्ली लेकर आए थे। इस पर ब्राह्मी लिपि और प्राकृत भाषा में सम्राट अशोक के संदेश अंकित हैं। वहीं, 1863 में बना म्यूटिनी मेमोरियल 1857 के विद्रोह की घटनाओं से जुड़ा है। हिंदू राव अस्पताल की इमारत भी पहले औपनिवेशिक काल का आवास थी, जो बाद में अस्पताल में बदल गई।
दिल्ली में कबसे बसी है मानव आबादी?
वाॅक में मध्यकालीन बावली की जल संरक्षण व्यवस्था और फिरोज शाह तुगलक के शिकारगाह से जुड़े पीर गैब की स्थापत्य विशेषताओं को भी समझाया जाएगा। नाॅर्दर्न रिज अरावली पर्वतमाला का सबसे उत्तरी विस्तार है। यहां मिले पाषाणकालीन औजार बताते हैं कि ऐतिहासिक दिल्ली के बसने से बहुत पहले भी यहां मानव आबादी थी।
कैसे कर सकते हैं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन?
डीडीए पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा सकता है। यह छह महीने में आयोजित होने वाली 12 हेरिटेज वाॅक की श्रृंखला का हिस्सा है। इससे पहले महरौली पुरातात्विक पार्क और संजय वन में भी ऐसी वाॅक आयोजित की जा चुकी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।