पासपोर्ट छीनने की कोशिश पर खुला नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का राज, 164 विदेशी FRRO को सौंपे; मास्टरमाइंड फरार
नोएडा के सेक्टर-136 में 'एसवीके ग्लोबल वेंचर' नाम के फर्जी निवेश कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ, जहां से 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराकर एफआरआरओ को सौंपा गया।

नौकरी का लालच देकर बुलाए जाते थे विदेशी नागरिक फिर छीन लिया जाता था पासपोर्ट। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
नोएडा में फर्जी निवेश कॉल सेंटर का भंडाफोड़।
164 इंडोनेशियाई और मलेशियाई नागरिक मुक्त कराए गए।
मास्टरमाइंड सुनील विश्वकर्मा के खिलाफ लुकआउट नोटिस।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नोएडा के सेक्टर-136 स्थित सोविरेन टावर में ''एसवीके ग्लोबल वेंचर'' के नाम से चल रहे फर्जी निवेश कॉल सेंटर मामले में क्राइम ब्रांच ने सेंटर से मुक्त कराए गए 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिकों को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) को सौंप दिया है।
वहीं, गिरफ्तार मलेशियाई नागरिक तान गुआन वेई को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार मास्टरमाइंड सुनील कुमार विश्वकर्मा के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) नोटिस जारी किया गया है।
फरार मास्टरमाइंड के खिलाफ एलओसी जारी
संयुक्त आयुक्त, क्राइम ब्रांच सुरेंद्र कुमार के अनुसार, यह कॉल सेंटर जून के दूसरे सप्ताह में शुरू किया गया था। छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी सुनील कुमार विश्वकर्मा को इसका मालिक बताया जा रहा है, जो ठगी से आने वाले पूरे हिसाब-किताब को खुद संभालता था।
पुलिस को सुनील के नाम का एक यस बैंक खाता मिला है, जिससे कॉल सेंटर के लिए ली गई प्रॉपर्टी और विदेशी कर्मियों के लिए लिए गए पीजी के मालिकों को डेढ़ करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था।
कॉल सेंटर की दफ्तर व्यवस्था का जिम्मा बुलंदशहर निवासी सुशील भाटी के पास था, जबकि वहां काम करने वाले 164 विदेशी नागरिकों की देखरेख तान गुआन वेई को सौंपी गई थी।
जांच में सामने आया कि 16 जून को भारत बुलाए गए तान गुआन वेई ने पहले टेलीकॉलर के रूप में काम किया और दो महीने बाद लेनदेन के मिलान व टेलीकॉलरों की निगरानी के लिए मैनेजर बना दिया गया।
फर्जी निवेश प्लेटफाॅर्म पर खुलवाते थे खाते
आरोपी इंटरनेट मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर इंडोनेशिया और मलेशिया के लोगों से दोस्ती करते थे।
इसके बाद पीड़ितों को ''जेनट्रिक्स'' और ''क्वांटवोरो'' जैसे फर्जी निवेश प्लेटफाॅर्म और मोबाइल एप्स पर खाता खुलवाकर पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था।
शुरुआती दौर में ज्यादा मुनाफे का भरोसा दिलाकर बड़ी रकम निवेश कराई जाती थी और बाद में राशि हड़प ली जाती थी।
174 विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट बरामद
छापेमारी के दौरान मौके से कुल 174 पासपोर्ट बरामद हुए, जिनमें 95 इंडोनेशियाई और 79 मलेशियाई नागरिकों के पासपोर्ट शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, नौकरी का झांसा देकर भारत लाए गए विदेशी नागरिकों के पासपोर्ट जब्त कर लिए जाते थे, जिससे उनकी आवाजाही और अपने देश लौटने की आजादी सीमित हो गई थी।
पासपोर्ट छीनने की कोशिश पर खुला मामला
इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश करीब दस दिन पहले तब हुआ, जब नौकरी की तलाश में कॉल सेंटर पहुंचा एक मलेशियाई नागरिक पासपोर्ट छीनने की कोशिश के दौरान वहां से भाग निकला।
बंधक बनाए गए साथियों से संपर्क होने के बाद उसने ईमेल के माध्यम से पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर क्राइम ब्रांच ने मुख्यालय बुलाकर पूछताछ की और कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि फरार सुनील कुमार विश्वकर्मा और सुशील भाटी की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस फर्जी कॉल सेंटर के जरिए कुल कितने विदेशी नागरिकों को निशाना बनाया गया और ठगी की कुल रकम कितनी है।