विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जनता तय करेगी सत्ता किसे मिलेगी और संवैधानिक सीमा में ही चलेगा राज, संविधान दिवस पर बोले अमित शाह

Published: Thu, 26 Nov 2026 05:03 PM (IST)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान दिवस पर कहा कि भारतीय संविधान की सबसे बड़ी ताकत जनता से सत्ता का मिलना और उसका जनता के माध्यम से ही चलना है। 

संविधान दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करते हुए। फोटो: आर्काइव

संविधान दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करते हुए। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. सत्ता जनता से मिलेगी, जनता के माध्यम से ही चलेगी।

  2. संविधान निर्माताओं ने सत्ता में आने वालों की सीमाएं तय कीं।

  3. 2015 से 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस मनाया जा रहा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संविधान दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय संविधान की सबसे बड़ी ताकत यह है कि सत्ता जनता से मिलेगी और जनता के माध्यम से ही चलेगी।

संविधान निर्माताओं ने लोगों को सरकार चुनने का अधिकार देने के साथ सत्ता में आने वालों के लिए संवैधानिक सीमाएं भी तय कीं। शाह ने संविधान को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और सपनों का दस्तावेज बताया।

जनता तय करेगी, सत्ता किसे मिलेगी

दिल्ली में आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ सेमिनार में अमित शाह ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने तय किया था कि सत्ता जनता के जरिए हासिल होगी और उसका इस्तेमाल भी जनता के माध्यम से होगा।

लोगों को यह अधिकार दिया गया कि वे तय करें कि सत्ता किसे सौंपनी है। वहीं, सत्ता हासिल करने वालों के लिए संविधान के दायरे में रहकर शासन चलाने का रास्ता निर्धारित किया गया।

उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना का एक-एक शब्द महान भारत के निर्माण के उद्देश्य से घोषित किया गया था। संविधान का मूल भाव यही है कि सरकारें जनता की इच्छा और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप काम करें।

स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का दस्तावेज

शाह ने कहा कि 26 नवंबर को देश में एक नए युग की शुरुआत हुई थी। स्वतंत्रता संग्राम में अनगिनत सेनानियों ने मातृभूमि की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। संविधान निर्माताओं ने उन सभी के सपनों और त्याग को समेटते हुए देश को संविधान दिया।

उन्होंने कहा कि संविधान को केवल ब्लैक एंड व्हाॅइट में लिखी किताब या कानूनी दस्तावेज के रूप में नहीं देखना चाहिए। इसे समझने के लिए इसकी भावना और गहराई को जानना जरूरी है। यह उन लोगों की विरासत है, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर दिया।

संविधान में शासन की सीमाएं तय

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि लगभग 200 से 250 वर्षों की गुलामी के दौरान भारत की सभ्यता, ज्ञान और गौरव को भारी नुकसान पहुंचा। जिस भारत को कभी सोने की चिड़िया और दुनिया का ज्ञान केंद्र कहा जाता था, उसे फिर से खड़ा करने का रोडमैप संविधान निर्माताओं ने संविधान के रूप में दिया।

शाह ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने जनता को सत्ता चुनने का अधिकार दिया, लेकिन सत्ता में आने वालों के लिए यह भी तय किया कि उन्हें संवैधानिक सीमाओं के भीतर रहकर शासन चलाना होगा।

संविधान निर्माण में 7,635 संशोधन

अमित शाह ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए बताया कि इसे तैयार करने के लिए कई समितियों ने काम किया। संविधान सभा की 165 दिनों तक चली बैठकों में हजारों सुझावों और प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

इस दौरान करीब 7,635 संशोधन और प्रस्ताव संविधान सभा के सामने रखे गए। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद संविधान को अंतिम रूप दिया गया।

नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर

शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान करना हर भारतीय की महत्वपूर्ण और गर्व की जिम्मेदारी है। आजादी के बाद लंबे समय तक संविधान को मुख्य रूप से सरकार चलाने की मार्गदर्शिका के तौर पर देखा गया, जबकि इसकी भावना को किशोरों, युवाओं और नागरिकों तक पहुंचाने पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद 2015 में हर साल 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य संविधान के सर्वोच्च मूल्यों को स्कूलों, कॉलेजों और देश के सभी नागरिकों तक पहुंचाना है।

शाह ने संविधान की मूल प्रति देखने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि इसके अलग-अलग अध्यायों की शुरुआत भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्रों से होती है।

उन्होंने लोगों से संसद की लाइब्रेरी में जाकर नंदलाल बोस के बनाए इन चित्रों को देखने और संविधान की भावना समझने की अपील की। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य लोगों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ भी किया।

(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।