विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो साल में 10 बड़े कुख्यात ढेर, NCR में बदमाशों की आई शामत; अब तक मारे गए बदमाशों की पूरी क्रोनोलॉजी

Published: Fri, 20 Nov 2026 04:35 PM (IST)

Delhi Gangster Naseem Rizwan Encounter: कुख्यात बदमाश नसीम उर्फ रिजवान को दिल्ली पुलिस और यूपी एसटीएफ ने बुलंदशहर में मुठभेड़ में मार गिराया। एनसीआर में पिछले दो सालों में पुलिस मुठभेड़ में 10 बदमाश मारे गए हैं।

दिल्ली-एनसीआर में दो सालों में 10 गैंगस्टर पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। फोटो-जागरण

दिल्ली-एनसीआर में दो सालों में 10 गैंगस्टर पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। फोटो-जागरण

HighLights

  1. कुख्यात बदमाश नसीम उर्फ रिजवान बुलंदशहर मुठभेड़ में ढेर।

  2. खजूरी खास गैंगवार में समीर की हत्या का आरोपी था।

  3. दिल्ली पुलिस ने उस पर 50 हजार का इनाम रखा था।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के खजूरी खास थानाक्षेत्र में बीते 16 नवंबर को कानून मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के पास गैंगवार में विरोधी गिरोह के बदमाश पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या करने वाला कुख्यात बदमाश नसीम उर्फ रिजवान को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने यूपी एसटीएफ के साथ मिलकर गुरुवार रात बुलंदशहर में मुठभेड़ में ढ़ेर कर दिया।

उसके खिलाफ 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं और दिल्ली पुलिस की तरफ से उसपर 50 हजार का इनाम भी था। 16 नवंबर को नसीम ने एक साथी के साथ मिलकर विरोधी गिरोह के बदमाश समीर पर 20 गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। यह हत्या उत्तर-पूर्वी दिल्ली में वर्चस्व की लड़ाई और गैंगवार में हुई थी।

पुलिस मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की क्रोनोलॉजी

16 मई 2024: हिमांशु भाऊ गिरोह के बदमाश अजय उर्फ गोली को स्पेशल सेल ने शाहबाद डेरी इलाके में ढेर किया। तिलक नगर के फ्यूजन कार शोरूम में उसने फायरिंग की थी और पांच करोड़ रंगदारी मांगी थी।

12 जुलाई 2024: राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग आउटलेट के चर्चित हत्याकांड के भाऊ गिरोह के आशीष उर्फ लालू, विकास उर्फ छोटा और सन्नी गुर्जर को दिल्ली पुलिस ने हरियाणा पुलिस के साथ ज्वाइंट आपरेशन में सोनीपत में मार गिराया।

23 नवंबर 2024: गोविंदपुरी में नाइट पेट्रोलिंग कर रहे सिपाही किरण पाल की हत्या के मुख्य आरोपित राघव उर्फ राकी को स्पेशल सेल से संगम विहार में मुठभेड़ कर मार गिराया।

14 दिसंबर 2024: मेरठ के टीपी नगर में स्पेशल सेल और यूपी एसटीएफ ने एनकाउंटर में अनिल उर्फ सोनू मटका को ढेर कर दिया। यह 31 अक्टूबर 2024 को फर्श बाजार डबल मर्डर का आरोपित था और पहले से कई केसों में वांछित था।

29 मई 2025: हापुड़ में जावली गांव के नवीन कसाना को स्पेशल सेल और यूपी एसटीएफ ने ढेर कर दिया। कसाना फर्श बाजार इलाके में हुए बर्तन कारोबारी सुनील जैन के हत्याकांड में वांछित था। पुलिस को उसकी पहले के कई केसों में तलाश थी।

24 जून 2025: गैंग्सटर रोमिल वोहरा को स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ ने दिल्ली के किशनगढ़ सीमा पर मार गिराया। वह लारेंस सिंडिकेट के काला-नोनी राणा गिरोह का गुर्गा था, उसने आठ महीने में चार हत्सा की वारदात को अंजाम दिया था।

17 सितंबर 2025: बरेली स्थित एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले गैंग्सटर रोहित गोदारा के दो शूटर हरियाणा के रवींद्र और अरुण दिल्ली पुलिस, यूपी पुलिस और हरियाणा पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन में लोनी के ट्रोनिका सिटी में मार गिराया।

6 अक्टूबर 2025: नेपाली गैंग्सटर भीम जोरा को ईस्ट आफ कैलाश इलाके में साउथ ईस्ट जिला पुलिस और हरियाणा पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। वह जंगपुरा इलाके में डकैती के दौरान एक डाक्टर की हत्या का मुख्य आरोपित था।

22 अक्टूबर 2025: रोहिणी इलाके में बहादुर शाह मार्ग (डॉ.अंबेडकर चौक से पंसाली चौक के बीच) पर क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव यादव की टीम ने बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने 'सिग्मा एंड कंपनी' गिरोह के चार वांछित अपराधी रंजन पाठक, विमलेश महतो (उर्फ विमलेश साहनी), मनीष पाठक और अमन ठाकुर को मुठभेड़ में मार गिराया।

यह गिरोह बिहार के सीतामढ़ी और आसपास के इलाकों (जैसे मुजफ्फरपुर, मधुबनी, शिवहर) में हत्या, रंगदारी और लूटपाट जैसी गंभीर वारदातों में शामिल था और बिहार में चुनावों से जुड़ी साजिश रचने के आरोपों में पुलिस के रडार पर था।

19 नवंबर 2026: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने नसीम उर्फ रिजवान को बुलंदशहर में मुठभेड़ में ढेर कर दिया। उसपर 50 हजार का इनाम था।

16 नवंबर को खजूरी खास थाना क्षेत्र में आपसी गैंगवार और वर्चस्व की लड़ाई के चलते एक प्रतिद्वंद्वी बदमाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

यह भी पढ़ें- पांच साल का इंतजार खत्म, अब दिल्ली को सालाना 2.74 लाख टन ई-कचरे से निजात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।