दिल्ली में लग्जरी घर खरीदने का मौका, 28 को बोली और 30 नवंबर को ई-नीलामी; फ्लैट का रिजर्व प्राइस बढ़ा
एनबीसीसी सरोजिनी नगर के 'एवेन्यू टावर्स' में 66 लग्जरी अपार्टमेंट्स की 30 नवंबर को ई-नीलामी करेगा, जिसके लिए 28 नवंबर तक बोली लगाई जा सकती है।

सनोजिनी नगर में लग्जरी फ्लैट खरीदने के लिए लगेगी बोली। फोटो: जागरण
मुहम्मद रईस, दक्षिणी दिल्ली। एनबीसीसी ने सरोजिनी नगर स्थित अपने प्रीमियम हाउसिंग प्रोजेक्ट 'एवेन्यू टावर्स' के शेष बचे 49 समेत कुल 66 अपार्टमेंट्स के लिए फिर से बोलियां आमंत्रित की हैं, जिसके लिए 30 नवंबर को ई-नीलामी होगी।
पात्र खारीदारों से 28 नवंबर तक बोलियां आमंत्रित की गई हैं। बता दें कि बीते 24 अक्टूबर को भी नीलामी हुई थी, जिसमें कुल 262 अपार्टमेंट्स में से 49 को रद कर दिया गया था।
वहीं इससे पहले की प्रक्रिया में भी 17 अपार्टमेंट बचे थे। हालांकि इस बार की नीलामी प्रक्रिया में पिछली बार सबसे ऊंची बोली लगाने वाले खरीदार हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
एनबीसीसी ने 24 अक्टूबर को हुई ई-नीलामी के एच-1 यानी सबसे ऊंची बोली लगाने वालों को अपात्र घोषित किया है। यानी जिन प्रभावित खरीदारों ने स्वयं को एच-1 घोषित करते हुए कोर्ट का रुख किया था।
अब वे भी प्रीमियम हाउसिंग प्रोजेक्ट में अपार्टमेंट खरीदने की प्रक्रिया से बाहर हो गए हैं।
बिड दस्तावेज के मुताबिक एक वैध पैन कार्ड का इस्तेमाल केवल एक आवासीय फ्लैट के लिए आवेदन करने और बोली लगाने के लिए किया जा सकता है।
कोई भी बोली लगाने वाला एक ही पैन कार्ड का इस्तेमाल करके अलग-अलग यूजर अकाउंट से कई आवेदन जमा नहीं कर सकता। कोई भी व्यक्ति या संस्था प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से एक से अधिक यूनिट हासिल नहीं कर सकती है।
रिजर्व प्राइम में की गई बढ़ोतरी
शेष 66 लग्जरी अपार्टमेंट की रिजर्व प्राइज जहां पहले 40,877 रुपये प्रति वर्ग फीट था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 75207.59 रुपये कर दिया गया है।
तीन अलग-अलग आकार में 4-4 बीएचके अपार्टमेंट की शुरुआती कीमत 18 से 20 करोड़ के आसपास रखी गई है, जिनके 35 से 45 करोड़ की बोली लगने का अनुमान है।
2027 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
सरोजिनी नगर के अफ्रीका एवेन्यू रोड पर एनबीसीसी का एक लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट है एवेन्यू टावर्स। इसमें 262 चार-बेडरूम अपार्टमेंट शामिल हैं। हर फ्लैट का बिक्री योग्य क्षेत्रफल 4000 वर्ग फीट से ज्यादा होगा।
प्रोजेक्ट में नौ टावर होंगे, जिनमें भूतल के अलावा 10 मंजिलें होंगी। यहां स्काईवाॅक, कामन क्लब हाउस और हरे-भरे खुले स्थान जैसी सुविधाएं भी हैं। ये सेंट्रल दिल्ली में बड़ा और लग्जरी घर तलाशने वाले खरीदारों के लिए खास है।
प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक इसे पूरा करने का लक्ष्य सितंबर 2027 निर्धारित था, पर ग्रेप की पाबंदियों के चलते अब इसके दिसंबर 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।
इससे मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, श्रीनिवासपुरी और कस्तूरबा नगर जैसी सीपीडब्ल्यूडी की जीपीआरए कालोनियों के पुनर्विकास में किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को बड़ी राहत, परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ी; क्या है नई तारीख?