Delhi MCD Election 2022: सुस्त रहा दिल्ली नगर निगम चुनाव का मतदान, साढ़े 5 बजे तक सिर्फ 50 प्रतिशत पड़े वोट
Delhi Municipal Corporation Election 2022 दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए रविवार शाम (4 दिसंबर) को मतदान संपन्न हो गया। सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ था। 1349 प्रत्याशियों की किस्मत पर ईवीएम में बंद हो गई है। अब वोटों की गिनती सात दिसंबर को होगी।
नई दिल्ली [निहाल सिंह]। चुनाव आयोग के साथ ही राजनीतिक दलों के तमाम प्रयासों के बावजूद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव को लेकर मतदाताओं में न तो किसी तरह का उत्साह दिखाई दिया और न ही कोई लहर नजर आई। नतीजतन शाम साढ़े पांच बजे तक सिर्फ 50 प्रतिशत ही मतदान हो सका, जो 2012 और 2017 से भी कम रहा है। हालांकि, जो मतदाता साढ़े पांच बजे शाम तक मतदान केंद्रों में प्रवेश कर गए थे, उनसे मतदान कराया गया।
रात साढ़े आठ बजे तक कई मतदान केंद्रों पर यह प्रक्रिया चली। ऐसे में भाजपा (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच कड़ा संघर्ष माना जा रहा है। मतदान के दौरान छिटपुट राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं में छिटपुट नोकझोंक और दक्षिणी दिल्ली के मदनगीर में रुपये बांटे जाने की अफवाह जरूरी उड़ी, लेकिन कहीं से भी मारपीट झगड़े की शिकायत देर रात तक नहीं मिली। न ही चुनाव आयोग को ईवीएम में किसी तकनीकी समस्या की शिकायत मिली।
सुबह से दोपहर बाद तक सुस्ती से हुआ मतदान
रविवार सुबह आठ बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई, जो दोपहर बाद तक सुस्त ही रही। इसलिए दिन में दो बजे तक सिर्फ 30 प्रतिशत ही मतदान हो सका। दो बजे के बाद मतदान में जरूर कुछ तेजी नजर आई। इससे अगले दो घंटों में यानी चार बजे तक मतदान बढ़कर 45 प्रतिशत हो गया और इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे तक यह आंकड़ा 50 प्रतिशत तक पहुंच गया। यह पिछले दो नगर निगम चुनावों की तुलना में कम रहा।
शादियों के कारण भी कम हुआ मतदान
रविवार को सहालग तेज होने के कारण बड़ी संख्या में शादियां थीं, जिनके लिए बहुत से लोग या तो दिल्ली से बाहर चले गए थे या दिल्ली में ही शादियों की तैयारियों में जुटे हुए थे। ऐसा माना जा रहा है कि इसकी वजह से भी मतदान का प्रतिशत कम रहा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का नाम मतदाता सूची से गायब
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी अपना वोट नहीं डाल सके। उनका नाम मतदाता सूची में नहीं था। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर इसके लिए भाजपा और व आप को जिम्मेदार ठहराया। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस ने इसकी शिकायत राज्य चुनाव आयोग में की है।
चुनाव दर चुनाव ऐसी रही स्थिति
वर्ष मतदान (प्रतिशत)
2007 43.24
2012 53.39
2017 53.55
2022 50.00 (5.30 बजे तक)
22 मई को दिल्ली के तीनों नगर निगम एक हो गए। दिल्ली नगर निगम (EDMC), उत्तरी दिल्ली नगर निगम (NDMC) और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (SDMC) के एकीकरण के बाद दिल्ली नगर निगम का पहला चुनाव होगा। एकीकरण से पहले दिल्ली नगर निगम में 272 वार्ड थे, लेकिन अब 250 हो गए हैं।
ये भी पढ़ें- Delhi MCD Election: आप ने भाजपा पर लगाया नोट फॉर वोट का आरोप, पुलिस ने छापा मारा तो फर्जी निकली शिकायत
मतदाताओं के बारे में आंकड़ा
दिल्ली में मतदाताओं की संख्या 1,45,05, 358 है। इसमें 7893418 पुरुष मतदाता, जबकि 66,10,879 महिला मतदाता हैं। अन्य श्रेणी में आने वाले मतदाताओं की संख्या 1061 है। 95458 मतदाता पहली बार मतदान में हिस्सा लेने वाले थे। वहीं, 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 229 है। जबकि 80 से 100 वर्ष की आयु के बीच के मतदाताओं की संख्या 2.04 लाख के करीब है।
कुल वार्ड- 250
अनूसूचित जाति के लिए कुल आरक्षित वार्ड- 42
अनुसूचित जाति (महिला) के लिए आरक्षित वार्ड- 21
अनूसूचित जाति के लिए आरक्षित वार्ड- 21
महिलाओं के लिए आरक्षित वार्ड- 104
सामान्य- 104
कुल मतदाता- 1,45,05, 358
पुरुष मतदाता- 7893418
महिला मतदाता- 6610879
ट्रांसजेंडर- 1061
80 से 100 वर्ष के आयु के मतदाता- 2,04,301
100 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाता- 229
पहली बार मतदान करने वाले मतदाता- 95458
मतदान केंद्र (2017)- 13138
मतदान केंद्र (2022)- 13638
- 56000 ईवीएम का मतदान में हुआ उपयोग
- एक लाख कर्मियों की मतदान में लगी ड्यूटी
- 40 हजार पुलिस कर्मी मतदान ड्यूटी पर रहे तैनात
- 170 अर्धसैनिक बलों की टुकड़िया सुरक्षा में रहीं तैनात
- 3356 मतदान केंद्र थे संवेदनशील
- 1349 प्रत्याशी मैंदान में
- 709 हैं महिला प्रत्याशी और 640 हैं पुरुष प्रत्याशी
किस दल के कितने पुरुष महिला हैं प्रत्याशी
दल पुरुष प्रत्याशी महिला प्रत्याशी कुल
बसपा 56 76 132
भाजपा 113 137 250
सीपीआई 1 2 3
सीपीाआई (एम) 2 4 6
कांग्रेस 113 134 247
एनसीपी 11 15 26
आम आदमी पार्टी 110 140 250
आल इंडिया फारवर्ड ब्लाक 3 1 4
एआईएमआईएम 6 9 15
सीपीआई (एम-एल) 3 2 5
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग 1 0 1
जेडीयू 13 9 22
लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) 0 1 1
आरएल़डी 1 3 4
समाजवादी पार्टी 1 0 1
निर्दलीय 206 176 382