दिल्ली मेट्रो की 5 ट्रेनों में लगा एंटी-ड्रैग सिस्टम, दरवाजे में कुछ भी फंसा तो अपने आप रुकेगी ट्रेन
दिल्ली मेट्रो अपने दरवाजों पर एंटी-ड्रैग प्रणाली लगा रही है ताकि यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाई जा सके। यह नई तकनीक ...और पढ़ें

दिल्ली मेट्रो के दरवाजे होंगे सुरक्षित। फोटो: आर्काइव
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो के दरवाजे में साड़ी का पल्लू, बैग का स्ट्रैप या पानी की बोतल की डोरी फंसने पर ट्रेन चलेगी ही नहीं, बल्कि अपने आप ही रुक जाएगी। इसके लिए मेट्रो ट्रेन के दरवाजों पर एंटी ड्रैग प्रणाली लगाई जा रही है।
पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पांच मेट्रो ट्रेनों में इसकी शुरुआत की गई है। इसके सफल होने पर अन्य ट्रेनों में यह प्रणाली लगाई जाएगी। इससे पहले पांच मिलीमीटर पतला सामान फंसने पर भी दरवाजा बंद नहीं होगा।
दरवाजे में फंसने पर रुक जाएगी ट्रेन
यह प्रणाली विशेष तौर पर उन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लगाई जा रही है, जिसमें यात्री दरवाजे में फंसकर प्लेटफाॅर्म पर घसीटे जाते हैं। मेट्रो के दरवाजे में अभी सेंसर लगे हुए हैं, जिससे कोई भी सामान फंसने पर दरवाजे बंद नहीं होते हैं।
इसके बावजूद दिसंबर, 2023 में इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर दरवाजे में फंसने से एक महिला की मौत हो गई थी। जांच में सामने आया था कि पानी की बोतल की नायलॉन की डोरी दरवाजे में फंस गई थी।
उतरते समय डोरी दरवाजे में फंस गई और ट्रेन चल पड़ी थी, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गई थी। बाद में उसकी मौत हो गई थी। उसके बाद एंटी ड्रैग लगाने का निर्णय लिया गया था।
7 मिलीमीटर पतली चीज पर भी खुलेगा दरवाजा
अभी मेट्रो के दरवाजों में जो सेंसर लगा है, वह 15 मिलीमीटर से मोटी चीज फंसने पर ही दरवाजा दोबारा खोलता है। इससे पतली चीज जैसे साड़ी का पल्लू, बैग की पतली बेल्ट, डोरी आदि दरवाजे में फंसने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
नई प्रणाली में सात मिलीमीटर पतला सामान फंसने के बाद भी दरवाजा बंद नहीं होगा।
परीक्षण के बाद अन्य ट्रेनों में लगेगी प्रणाली
पिछले वर्ष जुलाई में रेल लाइन की एक ट्रेन में यह प्रणाली लगाई गई थी। अब चार और ट्रेनों में यह प्रणाली लगा दी गई है। डेढ़ से दो वर्ष के परीक्षण के बाद उसके परिणाम के आधार पर अन्य मेट्रो में इसे लगाने का निर्णय लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।