दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन पर मिलेगी नई सुविधा, अब स्क्रीन पर दिखेगा किस कोच में कितनी भीड़
दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन पर अब यात्री ट्रेन के प्रत्येक कोच में भीड़ का अनुमानित प्रतिशत प्लेटफार्म स्क्रीन पर ...और पढ़ें
-1793425371939_m.webp)
पिंक लाइन के एक प्लेटफार्म पर प्रदर्शित ट्रेन के हर कोच में भीड़ की रीयल-टाइम जानकारी। सौजन्य : डीएमआरसी
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को अब ट्रेन में कम भीड़ वाला कोच चुनने के लिए अंदाजा नहीं लगाना पड़ेगा। दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) ने मैजेंटा लाइन के बाद अब पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार) पर भी रीयल-टाइम कोच आक्यूपेंसी स्टेटस दिखाने की सुविधा शुरू कर दी है।
इसके तहत प्लेटफार्म पर लगी यात्री सूचना डिस्प्ले स्क्रीन पर ट्रेन के आने से ठीक पहले उसके सभी छह कोच में यात्रियों की संख्या के आधार पर भीड़ का अनुमानित प्रतिशत प्रदर्शित होगा।
यात्रियों को मिलेगा फायदा
इस सुविधा से यात्रियों को ट्रेन आने से पहले ही पता चल सकेगा कि कौन सा कोच ज्यादा भरा है और किसमें अपेक्षाकृत कम भीड़ है। इससे वे उसी हिसाब से प्लेटफार्म पर अपनी जगह चुनकर ट्रेन में सवार हो सकेंगे। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में यात्रियों को इसका अधिक फायदा मिलने की उम्मीद है।
डीएमआरसी के अनुसार, इस व्यवस्था में प्रत्येक कोच में लगे लोड सेंसरों की मदद से उसके वर्तमान भार की गणना की जाती है। इसकी तुलना खाली कोच के भार से करके उसमें यात्रियों के भार का अनुमानित प्रतिशत निकाला जाता है।
सभी छह कोच को सी1, सी2, सी3, सी4, सी5 और सी6 के रूप में प्रदर्शित किया जाता है। ट्रेन आने से ठीक पहले यह जानकारी प्लेटफार्म की डिस्प्ले स्क्रीन पर दिखाई देती है।
मैजेंटा लाइन (बाटनिकल गार्डन-जनकपुरी पश्चिम) के प्लेटफार्म पर यह सुविधा वर्ष 2022 से उपलब्ध है। यात्रियों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद अब इसे पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार) पर भी शुरू किया गया है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन पर 'रियल-टाइम कोच ऑक्यूपेंसी' सुविधा शुरू, प्लेटफॉर्म पर मिलेगी कोच में भीड़ की जानकारी