दिल्ली में साथ छोड़ने से नाराज युवक ने उठाया खौफनाक कदम, 15 दिन रेकी कर युवती पर फेंका तेजाब; 70% झुलसी
पूर्वी दिल्ली के घोंडा में एक युवक ने अपनी पूर्व लिव-इन पार्टनर पर तेजाब फेंककर उसे गंभीर रूप से घायल ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
युवक ने पूर्व लिव-इन पार्टनर पर तेजाब से हमला किया।
युवती 70% झुलसी, आंखों की रोशनी जाने का खतरा।
आरोपी ताजुद्दीन को पुलिस ने कुछ घंटों में दबोचा।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के घोंडा इलाके में एक युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी पूर्व लिव-इन पार्टनर पर तेजाब फेंककर मंगलवार की सुबह उसे जान से मारने की कोशिश की।
साथ छोड़ने से नाराज आरोपी ने करीब 15 दिनों तक युवती की रेकी करने के बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। तेजाब के हमले से 24 वर्षीय युवती का चेहरा, गला, पेट और कमर बुरी तरह झुलस गए हैं और उसे गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है।
डाक्टरों के मुताबिक, युवती 70 फीसदी तक झुलस चुकी है और उसकी आंखों को इतनी गंभीर क्षति पहुंची है कि उसकी रोशनी जाने का भी खतरा बना हुआ है। पुलिस ने आरोपित ताजुद्दीन (41) को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित वारदात को अंजाम देने के लिए इटावा से पुरानी कार की बैटरी का तेजाब खरीदकर लाया था। पुलिस उस दुकान का पता लगा रही है। युवती मूलरूप से अलीगढ़ की रहने वाली है। अकेली घोंडा क्षेत्र में रहती है। जाफराबाद की एक सिलाई की फैक्ट्री में नौकरी करती है।
यह भी पढ़ें- 'एसिड फेंक दूंगा...', दिल्ली में IAS अफसर के बेटे ने युवती के घर में घुसकर की हैवानियत की कोशिश
पुलिस युवती के परिवार की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 7:10 बजे युवती घोंडा चौक से पैदल ड्यूटी पर जा रही थी। युवक ने बोतल से उसके चेहरे व शरीर के बाकी हिस्से पर तेजाब फेंक दिया। शरीर पर जलन होने पर युवती पास ही खड़े बुजुर्ग के पास गई।
तेजाब से बुजुर्ग का हाथ भी झुलस गया। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया। पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती करवाया।
सबक सिखाने के लिए उठाया खौफनाक कदम
वारदात के करीब छह घंटे में पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस के जरिये आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित भी फैक्ट्री में नौकरी करता है और जनता कालोनी में किराये पर रहता है। आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब तीन वर्षों से युवती को जानता है।
करीब एक साल तक वे लिव-इन में भी रहे। तीन माह पहले युवती ने उसे छोड़ दिया। उसने बताया कि वह उसे सबक सिखाना चाहता था, वो भी ऐसा कि कोई युवती का चेहरा भी देखे तो खौफ खाए। वह इटावा के एक दुकान में गया, जहां कार की बैटरी का तेजाब मिलता है। वह तेजाब खरीदकर बोतल में लेकर आया था।
