दिल्ली के पुल प्रह्लादपुर में पति बना हैवान, 5 किलो वाले LPG सिलिंडर से पीट-पीटकर पत्नी को मार डाला
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पुल प्रह्लादपुर में एक घरेलू विवाद के चलते पति सुरेश ने अपनी पत्नी पूनम की छोटे एलपीजी ...और पढ़ें

वारदात के बाद डीडीए फ्लैट में मृत पड़ी पत्नी और सिलिंडर। जागरण
HighLights
पति ने घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या की
छोटे एलपीजी सिलेंडर से सिर पर वार किया
आरोपी पति सुरेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिण‑पश्चिम दिल्ली के पुल प्रह्लादपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद में पति ने छोटे एलपीजी सिलिंडर से ताबड़तोड़ कई वार कर पत्नी की हत्या कर दी। मृतका की पहचान पूनम के रूप में हुई है।
वहीं वारदात को अंजाम देने वाले पति की पहचान सुरेश के रूप में हुई है। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के समय आरोपित पति सुरेश शराब के नशे में था या नहीं।
पुलिस के मुताबिक आरोपित सुरेश पत्नी पूनम और दो और चार साल की दो बेटियों के साथ पुल प्रह्लादपुर स्थित डीडीए फ्लैट में रहता था। सुरेश प्राइवेट नौकरी करता है और पति‑पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पत्नी की सास-ससुर नहीं बनती थी
बताया गया है कि पत्नी का आरोपित के स्वजन को लेकर विरोध रहता था, जिस कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। शनिवार की रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई।
आरोप है कि गुस्से में आकर सुरेश ने घर में रखे छोटे एलपीजी सिलिंडर से पूनम के सिर पर कई बार वार किया। हमले में पूनम का सिर बुरी तरह फट गया। पड़ोसियों ने झगड़े की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी।
एम्स में पूनम को मृत घोषित किया गया
पुलिस मौके पर पहुंची और पूनम को एम्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था, पर पुलिस ने कुछ ही देर बाद इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाकर आरोपित की मेडिकल जांच कराई जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वारदात के समय आरोपित शराब के नशे में था या नहीं। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है। मामले की जांच जारी है।
