विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डेटिंग एप पर दोस्ती पड़ी भारी, दिल्ली में युवक को होटल बुलाकर बनाया बंधक; मांगी 4 लाख की फिरौती

By dhananjai mishraEdited By: Kapil Kumar
Published: Mon, 16 Nov 2026 11:53 AM (IST)

दक्षिणी दिल्ली में डेटिंग एप ग्राइंडर के जरिए एक युवक को फंसाकर बंधक बनाया गया, मारपीट की गई और चार ...और पढ़ें

डेटिंग एप पर पड़ी भारी। सांकेतिक तस्वीर

डेटिंग एप पर पड़ी भारी। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. युवक को डेटिंग ऐप ग्राइंडर के जरिए फंसाया गया।

  2. बंधक बनाकर मारपीट की और चार लाख रुपये मांगे।

  3. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, महिला फरार।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार थाना क्षेत्र में डेटिंग एप के जरिये युवक को जाल में फंसाकर बंधक बनाने, मारपीट करने और चार लाख रुपये की उगाही की कोशिश करने का मामला सामने आया है।

एक महिला ने युवक से डेटिंग एप ग्राइंडर के जरिये संपर्क किया और उसे तुगलकाबाद इलाके के एक होटल में मिलने बुलाया। वहां से लौटते समय ओखला अंडरपास के पास महिला के साथियों ने युवक को घेर लिया।

इसके बाद उसे गौतमपुरी की मस्जिद कॉलोनी स्थित एक किराये के मकान में ले जाकर बंधक बना लिया गया। आरोपियों ने उससे समझौते और तलाक के खर्च के नाम पर चार लाख रुपये मांगे और लोन व क्रेडिट कार्ड के जरिये रकम जुटाने के लिए मजबूर किया।

कुल रकम 3,01,451 रुपये

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम खेरालिया, वीरू वैद, बॉबी और जितेंद्र पाल के रूप में हुई है। जितेंद्र पाल को 15 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जांच में देवेंद्र के माध्यम से चार क्रेडिट कार्ड लेनदेन का भी पता चला है। इनकी कुल रकम 3,01,451 रुपये है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित उपेंद्र कुमार ने 30 अक्टूबर को सरिता विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसने बताया कि ग्राइंडर एप पर गरिमा नाम की महिला से उसकी बातचीत हुई थी। दोनों के बीच मुलाकात तय हुई और वह तुगलकाबाद क्षेत्र के एक होटल पहुंचा। वहां से लौटते समय ओखला अंडरपास के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि उन्होंने उसके साथ मारपीट की और धमकी देकर गौतमपुरी की मस्जिद कॉलोनी स्थित किराये के मकान में ले गए। वहां उसे बंधक बनाकर चार लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया।

क्रेडिट कार्ड से चार बार हुआ लेनदेन

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ित से अलग-अलग माध्यमों से रकम जुटवाई। पुलिस के मुताबिक, देवेंद्र पर क्रेडिट कार्ड से चार बार 61,459 रुपये, 99,992 रुपये, 74,720 रुपये और 65,280 रुपये का लेनदेन किया गया। इनकी कुल रकम 3,01,451 रुपये है।

वहीं, जांच में बॉबी के खाते में अलग-अलग बैंक खातों और स्टोर के खाते के माध्यम से 1,81,998 रुपये पहुंचने की जानकारी मिली है। इसके बाद बॉबी ने फोनपे के जरिये नितिन को 1.80 लाख रुपये भेजे। पीड़ित ने भी नितिन को 60 हजार रुपये स्थानांतरित किए। बाद में स्टोर संचालक के भाई के खाते से पीड़ित को 73,364 रुपये वापस किए गए।

महिला और अन्य साथियों की तलाश

पुलिस के अनुसार, शिवम खेरालिया की भूमिका युवक को रोकने और धमकाने के साथ आगे के लेनदेन में मदद करने की रही। वीरू वैद पर साजिश, बंधक बनाने और उगाही में शामिल होने का आरोप है। बॉबी ने पर क्रेडिट कार्ड से हुए लेनदेन और अलग-अलग खातों में रकम भेजने में मदद की।

वहीं, जितेंद्र पाल पर देवेंद्र के माध्यम से क्रेडिट कार्ड से लेनदेन कराने और रकम को अलग-अलग बैंक खातों में भेजने में मदद करने का आरोप है।

पुलिस अब इस मामले में महिला गरिमा, नितिन और अन्य संदिग्ध सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपितों ने डेटिंग एप के माध्यम से अन्य लोगों को भी इसी तरह निशाना बनाया था।

यह भी पढ़ें- एक फोन लेकर भागा, दूसरा बैग ले उड़ा... फिर खाते से निकाले 2.80 लाख; गाजियाबाद में सामने आया ठगी का खतरनाक तरीका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।