पत्नी से अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, महिला के मर्डर का भी था प्लान; आरोपी पति समेत दो गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में दो व्यक्ति को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
कुणाल ने पत्नी के अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या की।
आरोपी कुणाल और उसके साथी पीयूष को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
कुणाल अपनी पत्नी की भी हत्या की योजना बना रहा था।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। प्रसाद नगर थाना पुलिस और मध्य जिला के वाहन चोरी निरोधक दस्ता की संयुक्त टीम ने 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या करने में शामिल आरोपित कुणाल उर्फ मुकरी और उसके साथी पीयूष उर्फ मेंटल को गिरफ्तार कर लिया है।
कुणाल को शक था कि मृतक युवक का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है, जिससे दोस्त के साथ मिलकर कुणाल ने युवक की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। अब वह अपनी पत्नी की भी हत्या करने की साजिश रच रहा था लेकिन पुलिस ने समय रहने दोनों को दबोच कर एक और संभावित हत्या की वारदात को रोक लिया।
हत्या के प्रयास का पहले से एक केस दर्ज
डीसीपी मध्य जिला रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपितों में कुणाल, करोल बाग और पीयूष शाहपुरा तिलक नगर का रहने वाला है। कुणाल 2019 में करोलबाग थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक केस में शामिल रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और ठोस जांच के जरिए इस केस का पर्दाफाश किया।
कुणाल की पत्नी की जान को खतरा देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तिलक नगर स्थित उसके घर के आसपास 24 घंटे सादे कपड़ों में गुप्त निगरानी रखी और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की। कुणाल की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली गई है।
सीसीटीवी से मिला सुराग
चार नवंबर को प्रसाद नगर थाना पुलिस को करोलबाग के रहने वाले एक 19 वर्षीय युवक को चाकू मारे जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिससे वारदात में दो लाेगों की संलिप्तता का सुराग मिला।
पत्नी के साथ अफेयर का शक
तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के विश्लेषण से कुणाल और पीयूष की भूमिका सामने आई। जांच में पता चला कि हत्या व्यक्तिगत रंजिश के कारण की गई। कुणाल के जेल में रहने के दौरान मृतक और कुणाल की पत्नी तीन महीने तक एक साथ रह रहे थे।
पत्नी की भी हत्या का प्लान
इसी बात से नाराज होकर कुणाल ने बदला लेने की नीयत से अपने साथी के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। पुलिस को सूचना मिली कि कुणाल अपनी पत्नी की भी हत्या करने की भी योजना बना रहा है। खतरे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तिलक विहार, तिलक नगर स्थित उसकी पत्नी के आवास के आसपास 24 घंटे सादे कपड़ों में पैनी नजर रखी।
जैसे ही दोनों तिलक विहार (तिलक नगर) में आए एडिशनल एसीपी शिवम कुमार के नेतृत्व में प्रसाद नगर के इंस्पेक्टर सुभाष, अनुज व संदीप डबास की टीम ने दोनों को दबोच लिया।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में दूषित पेयजल से हजारों लोग परेशान, नलों से सीवर जैसी बदबू आने से बीमारियों का बढ़ा खतरा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।