दिल्ली में दूषित पेयजल से हजारों लोग परेशान, नलों से सीवर जैसी बदबू आने से बीमारियों का बढ़ा खतरा
पश्चिम विनोद नगर और आसपास के इलाकों में पिछले 20 दिनों से दूषित पेयजल की आपूर्ति से हजारों लोग परेशान ...और पढ़ें

पश्चिम विनोद नगर और मंडावली में गहराया जल संकट। जागरण
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के पश्चिम विनोद नगर समेत आसपास के इलाकों में पिछले 20 दिनों से दूषित पेयजल की आपूर्ति ने हजारों लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
घरों के नलों से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। स्थिति ऐसी है कि लोग जल बोर्ड के नलों से आने वाले पानी को पीना तो दूर, घरेलू कामों में इस्तेमाल करने से भी कतरा रहे हैं। दीवाली पर भी लोगों को स्वच्छ पेयजल नसीब नहीं हुआ।
घरों में पेयजल कनेक्शन होने के बावजूद परिवारों को अपनी प्यास बुझाने के लिए निजी प्लांट से पानी के जार खरीदने पड़ रहे हैं। इससे लोगों पर दोहरी मार पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जल बोर्ड की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
रोजाना खरीदने पड़ रहे पानी के जार
यह समस्या पश्चिम विनोद नगर के ए, बी और ई ब्लॉक के साथ नॉर्थ ब्लॉक और मंडावली के पाल मोहल्ले में भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नल खोलते ही पानी से सीवर जैसी तेज दुर्गंध आने लगती है, जिससे पूरा घर बदबू से भर जाता है।
पानी की स्थिति देखकर लोग इसका इस्तेमाल पीने और खाना बनाने में करने से डर रहे हैं। मजबूरी में परिवारों को रोजाना 30 से 40 रुपये खर्च कर पानी के जार खरीदने पड़ रहे हैं। लोगों के पीने के पानी के लिए अतिरिक्त जेब ढीली करनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी राधेश्याम ने बताया कि 20 दिनों से अधिक समय से लोग इस परेशानी से जूझ रहे हैं। उनका आरोप है कि पेयजल और सीवर की पाइपलाइन आपस में मिलने के कारण घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है। लोगों को आशंका है कि इस पानी के इस्तेमाल से पेट संबंधी बीमारियां फैल सकती हैं।
पानी का बिल भरने के बाद भी नहीं कोई समाधान
खासकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। त्योहार के दौरान घरों की साफ-सफाई और खाना बनाने के लिए भी लोगों को पानी का अलग से इंतजाम करना पड़ा। निवासियों का सवाल है कि जब घरों में जल बोर्ड के कनेक्शन हैं और लोग पानी का बिल भी चुका रहे हैं तो फिर उन्हें साफ पानी के लिए बाजार पर निर्भर क्यों रहना पड़ रहा है। मामले में स्थानीय विधायक रविंदर सिंह नेगी से बात कर पक्ष जानने की कोशिश की गई पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया ।
'पानी से इतनी तेज दुर्गंध आ रही है कि उसका इस्तेमाल करना भी मुश्किल हो गया है। हालात यह हैं कि लोगों को त्योहार भी साफ पेयजल के बिना मनाने पड़े।'
- मंसा राम
'कई दिनों से घरों में गंदा पानी आ रहा है। पीने के लिए बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है, लगातार शिकायत के बाद भी कोई समाधान नहीं।'
- शशि दीक्षा ,आरडब्ल्यू सदस्य
यह भी पढ़ें- दिल्ली के बुराड़ी में खाली प्लॉट में खून से लथपथ मिला महिला की शव, पत्थरों से कुचलकर हत्या की आशंका
यह भी पढ़ें- छठ पूजा पर बिहार-यूपी जाने वालों के लिए बड़ी राहत, दिल्ली-NCR के स्टेशनों से चलेंगी 31 स्पेशल ट्रेनें
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।