'इश्क, चोर और वारदात...' गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरे करने को बना शातिर चोर, 23 मुकदमों वाला आरोपी गिरफ्तार
पश्चिमी दिल्ली में प्रेमिका की महंगी फरमाइशें पूरी करने के लिए चोरी करने वाला सोनू उर्फ बिहारी गिरफ्तार हुआ। द्वारका ...और पढ़ें

प्रेमिका के महंगे शौक पूरे करने के लिए बना चोर।
HighLights
प्रेमिका की फरमाइशें पूरी करने के लिए करता था चोरी।
सोनू उर्फ बिहारी 23 मामलों में संलिप्त पाया गया।
चोरी के मोबाइल, पायल, पेंडेंट और नकदी बरामद।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। प्रेमिका की फरमाइशें पूरी करने और उसकी नजरों में संपन्न दिखने के लिए चोरी करने वाला आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ गया। द्वारका जिला पुलिस की एंटी बर्गलरी सेल ने डाबड़ी के सीतापुरी पार्ट-2 निवासी सोनू उर्फ बिहारी (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित चोरी, सेंधमारी और लूट के 23 मामलों में शामिल रहा है। उसके कब्जे से तीन चोरी के मोबाइल, चांदी की एक जोड़ी पायल, सोने का पेंडेंट और 17,500 रुपये बरामद हुए हैं।
द्वारका पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के अनुसार, 16 सितंबर को हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार को सूचना मिली थी कि सोनू उर्फ बिहारी चोरी का सामान बेचने के लिए डाबड़ी के विजय एन्क्लेव स्थित सूर्य उपासना पार्क आएगा। निरीक्षक बसंत कुमार के नेतृत्व में टीम ने पार्क के आसपास घेराबंदी की। मुखबिर ने पैदल आ रहे युवक की पहचान सोनू के रूप में की। पुलिस को देखते ही वह पार्क की ओर लौटने लगा, लेकिन हेड कांस्टेबल अनिल ने उसे पकड़ लिया।
जेब से रेडमी, लावा और ओप्पो के तीन मोबाइल मिले
तलाशी में उसकी जेब से रेडमी, लावा और ओप्पो के तीन मोबाइल मिले। जांच में तीनों मोबाइल उत्तम नगर, छावला और बाबा हरिदास नगर थाने के मामलों में चोरी के पाए गए। उसके पास से चांदी की पायल और सोने का पेंडेंट भी मिला, जो डाबड़ी में हुई चोरी से जुड़े थे। 17,500 रुपये भी उसी चोरी की रकम बताए गए हैं।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह प्रेमिका को हरिद्वार, ऋषिकेश और खाटू श्याम घुमाने के लिए चोरी से मिले रुपये खर्च करता था। पुलिस के अनुसार, सात थानों में दर्ज 23 मामलों में उसकी संलिप्तता मिली है। आरोपित आठवीं कक्षा तक पढ़ा है। अन्य मामलों में उसकी भूमिका की जांच जारी है।
