विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहाड़गंज में चार राउंड फायरिंग कर शराब की दुकान लूटने पहुंचे बदमाश, पुलिस ने कुछ ही घंटों में दो को दबोचा

Published: Tue, 26 May 2026 05:01 AM (GMT+05:30)

मध्य दिल्ली के पहाड़गंज में एक सरकारी शराब की दुकान पर लूट के इरादे से आए दो बदमाशों ने फायरिंग ...और पढ़ें

शराब की दुकान पर लूटपाट के लिए की फायरिंग, दो बदमाश गिरफ्तार।

शराब की दुकान पर लूटपाट के लिए की फायरिंग, दो बदमाश गिरफ्तार।

HighLights

  1. पहाड़गंज शराब दुकान पर लूट के इरादे से फायरिंग हुई।

  2. एक सेल्समैन को गोली लगी, दूसरा चाकू से घायल हुआ।

  3. पुलिस ने दो बदमाशों को साहिबाबाद से किया गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रविवार रात सरकारी शराब की दुकान पर लूट के इरादे से दो बदमाश घुसे और चार राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली सेल्समैन के जा लगी। गोलियां चलते ही अफरा-तफरी मची तो दुकान के पास भीड़ जमा हो गई। जिसे देख बदमाश दुकान का गल्ला नहीं लूट पाए और एक अन्य सेल्समैन पर चाकू से हमला कर तीसरे सेल्समैन का बटवा लूटकर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

सीने में गोली लगने के बाद घायल गुरान मुखिया और पेट में चाकू लगने के बाद राजीव को नजदीकी लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बच गई। पुलिस ने मामला दर्ज वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर दाेनों बदमाशों को साहिबाबाद से गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान पहाड़गंज के मोंटी और हर्ष गोला के रूप में हुई है। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, चाकू और मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पहाड़गंज थाने में तैनात सिपाही शुभम पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थे

मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, रविवार रात करीब 10.15 बजे पहाड़गंज थाने में तैनात सिपाही शुभम पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थे। इस बीच उन्हें सूचना मिली कि पहाड़गंज के आरजी काम्प्लेक्स, स्थित सरकारी शराब की दुकान पर फायरिंग हुई है।

नजदीक होने की वजह से शुभम सबसे पहले मौके पर पहुंचे, जहां पता चला कि शराब की दुकान पर काम करने वाले दो कर्मचारियों को गोली और चाकू लगने से घायल हैं। शुभम ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इस बीच पुलिस उपायुक्त समेत कई थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम और एफएसएल को मौके पर बुला लिया गया।

हेलमेट लगाए दो बदमाश शराब की दुकान पर पहुंचे थे

जांच के दौरान पता चला कि बाइक सवार हेलमेट लगाए दो बदमाश शराब की दुकान पर पहुंचे थे। इन दोनों ने कैश काउंटर को लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने चार राउंड गोलियां चला दीं। एक गोली सेल्समैन गुरान मुखिया को लगी। बाकी तीन मिस फायर हो गया। गुरान को बचाने आए राजीव को बदमाशों ने चाकू मार दिया।

इस बीच एक तीसरे सेल्समैन वैभव से बदमाश उसका पर्स लूटकर ले गए। उसमें 1,500 रुपये के अलावा आधार व अन्य कागजात मौजूद थे। बाद में पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज कर जाचं शुरू कर दी गई। मामले की जांच के लिए पहाड़गंज थाना, स्पेशल स्टाफ और एएटीएस की टीम की आधा दर्जन टीमों का गठन कर दिया गया।

ऐसे पकड़े गए आरोपित

वारदात के बाद जिले की कई टीमों ने मामले की छानबीन शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपित कैद मिले। वारदात के बाद आरोपित नबी करीम की ओर भागते हुए दिखे। गहनता से सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल करने पर पता चला कि दोनों में से एक आरोपित करीब नौ बजे शराब की दुकान पर बीयर की दो बोतल लेने पहुंचा था।

उसने बीयर खरीदने के बाद 275 रुपये आनलाइन अदा दिए। यूपीआई ट्रांजैक्शन से आरोपित का मोबाइल फोन मिल गया। इसके अलावा करीब 40 किलोमीटर एरिया में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर देर रात टीम साहिबाबाद पहुंच गई और दोनों आरोपितों को वहां से दबोच लिया गया।

इनके पास से लूटा गया सामान, वारदात में इस्तेमाल पिस्टल च चाकू बरामद बरामद कर लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने बताया कि उन्होंने पहली बार किसी वारदात को अंजाम दिया। आरोपितों से पूछताछ कर पुलिस पिस्टल का सोर्स पता करने का प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के नालों में गैर-शोधित सीवेज पर NGT सख्त, डूसिब पर लगा 50 हजार का जुर्माना